
नॉएडा: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के डिबाई विधानसभा सीट से 2 बार विधायक रहें गुड्डू पंडित का एक वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ. जिसके बाद नोएडा की पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस ने कहा है कि सरकार के नियमों का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाई कर एक्शन लिया जाएगा.
गुड्डू पंडित पिछले दिनों उस समय फिर से चर्चा में आए जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया. इस वीडियो में वह समर्थकों के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए बगैर केक काटते नज़र आ रहे थे. हालांकि उन्होंने इस पर सफाई देते हुए कहा उनके समर्थकों ने उन्हें घेर लिया था. दरअसल, वायरल हुआ यह वीडियो गुड्डू पंडित का ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का है, जहां रविवार को वह सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करते हुए, बिना मास्क के कई युवाओं के साथ हाईवे पर केक काटते दिख रहे हैं और उनके युवा समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं.
इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं उनके ऊपर गाड़ी को नहीं चढ़ा सकता था. कार से मैं जब बाहर निकला तो लोगों ने बताया कि एक युवक का जन्मदिन है. जन्मदिन के उपलक्ष्य में हमारा केक काट कर जाइए. मैं मजबूर हो गया, मैंने उनके लिए जन्मदिन का केक काटा और यह भी समझाया कि कोरोना काल में आप लोग देश को और समाज को समझाने वाले लोग हो, कृपया ऐसा ना करें.’ उन्होंने बताया कि ‘यह घटना उस वक्त की है जब रविवार दोपहर वह अपनी सास के निधन के मौके पर नोएडा गए थे, और वहां से लौट रहे थे.’