हाजिरी काटने पर भड़के सर्जन, जूतों से की डीएस की पिटाई

हाजिरी काटने पर भड़के सर्जन, जूतों से की डीएस की पिटाई

लखीसराय: बिहार के लखीसराय सदर अस्पताल में हाजरी काटे जाने से नाराज़ चिकित्सक ने अस्पताल के उपाधीक्षक पर हमला बोल दिया. चिकित्सक पर आरोप है कि वह ड्यूटी के वक्त गैरहाजिर रहता था. ऐसे में वह चाहते थे कि उनकी हाजिरी भी बराबर लगी रहे. बता दें कि उपाधीक्षक और आरोपित चिकित्सक दोनों ही सर्जन हैं.

मंगलवार को अस्पताल के परिसर में उस वक्त भगदड़ मच गई जब अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ अमरेश कुमार ने अस्पताल उपाधीक्षक डॉ अशोक कुमार को जूतों से पीटना शुरू कर दिया. बता दें कि घटना के वक्त डीएस अस्पताल परिसर में मौजूद अपने कक्ष में ही थे. डॉ अमरेश खुद की हाजिरी डीएस द्वारा काटे जाने से नाराज चल रहे थे. इसी वजह वे डीएस के कक्ष में पहुंचे और मारपीट की घटना को अंजाम दिया.

जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की दोपहर डीएस अपने दफ्तर में मौजूद थे और कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान डॉ अमरेश पहुंचे और डीएस से अकेले में बात करने का आग्रह किया. इसपर कक्ष में मौजूद दो बाहरी लोग बाहर निकल गए. डॉ अमरेश ने मार्च में चार दिनों की कटी हाजरी पर आक्रोश जाहिर करते हुए पहले तो हंगामा किया, फिर मारपीट को उतारू हो गए.

बचाव के क्रम में डीएस के ड्राइवर अजीत कुमार को भी पीट दिया. अजीत के नाक में चोट लगी है. फिर डॉ अमरेश ने जूते से डीएस को पीटा. आवाज सुनकर आसपास के दफ्तर में मौजूद अन्य चिकित्सक और स्टाफ वहां पहुंचे और मामले को शांत कराया. इस दौरान चिकित्सा पदाधिकारियों और कर्मियों ने डॉ अमरेश की हरकत को लेकर आक्रोश जाहिर किया.

घटना के संबंध में डीएस डॉ अशोक कुमार ने बताया कि डॉ अमरेश की अक्सर अनुपस्थिति रहती है. वे मनमाने तरीके से हाजिरी बनाना चाहते हैं, ऐसा नहीं होने दिया जाएगा. मंगलवार को इसी को लेकर उन्होंने पहले हंगामा किया, फिर मारपीट करनी शुरू कर दी. हमने सिविल सर्जन से इसकी शिकायत की है. सिविल सर्जन डॉ आत्मानंद ने कहा कि घटना काफी निंदनीय है. चिकित्सक डॉ अमरेश कुमार पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी.