
लखनऊ। कोरोना वायरस लॉकडाउन के बीच बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने बड़ा फैसला सुनाया है। उत्तर प्रदेश में 69000 बेसिक शिक्षकों की भर्ती के मामले में न्यायमूर्ति पंकज कुमार जायसवाल और न्यायमूर्ति करुणेश सिंह पवार की अध्यक्षता वाली बेंच ने 3 महीने के अंदर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया है। बता दें कि करीब डेढ़ साल से बेसिक शिक्षकों की भर्ती अटकी हुईं है। प्रदेश के करीब 4 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी निर्णय का इंतजार कर रहे थे।
दरअसल, सूबे के परिषदीय विद्यालयों में 69 हजार सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए 5 दिसंबर 2018 को शासनादेश जारी कर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। 06 दिसंबर से 20 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए गए। इसके बाद 06 जनवरी 2019 को राज्य के 800 परीक्षा केंद्रों पर 4 लाख 10 हजार 440 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, 21 हजार 26 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
वहीं, भर्ती विज्ञापन में न्यूनतम कटऑफ अंक की बात तो की गई थी, लेकिन कटऑफ कितने प्रतिशत होगा, इसका जिक्र शासनादेश में नहीं किया गया था। लिखित परीक्षा के अगले दिन 07 दिसंबर 2019 को न्यूनतम कटऑफ की घोषणा की गई। इसके तहत सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 में से 97 यानि 65 फीसदी और आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 में 90 अंक यानी 60 फीसदी अंक लाने होंगे। इसी कटऑफ को लेकर परीक्षार्थियों ने हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में याचिका दायर की थी। जिसकी सुनवाई के बाद 3 मार्च 2020 को फैसला सुरक्षित रख लिया गया था।
वहीँ अब कोर्ट के आदेश के बाद सामान्य वर्ग के अभ्यर्थी को 150 में से 97 अंक हासिल करने होंगे, जबकि अरक्षित वर्ग के लिए 90 अंक जरुरी है। हाईकोर्ट ने अपने फैसले में शिक्षा की योग्यता और गुणवत्ता को अहम बताया। साथ ही योगी सरकार को योग्यता के आधार पर रिजल्ट जारी कर भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने का आदेश दिया है।
उधर, राज्य के बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने कोर्ट के इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि जल्द ही सरकार शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर लेगी और स्कूलों में शिक्षक पढ़ाई का काम शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिए गए फैसले को हाईकोर्ट ने सही माना है। यह सरकार की जीत है। अब जल्द से जल्द रिजल्ट जारी कर भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी। साथ ही उन्होंने उन अभ्यर्थियों को भी भरोसा दिलाया है जिनका चयन नहीं हो सकेगा। उन्होंने कहा कि आगे भी नई भर्ती होगी उसमें मौका मिलेगा।