छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को दिल का दौरा, हालत गंभीर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को शनिवार सुबह दिल का दौरा पड़ा। उन्हें रायपुर के श्रीनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल गंभीर है। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ है। अगर सेहत में सुधार नहीं होता है तो जोगी को एयर एंबूलेंस से दिल्ली ले जाया जा सकता है। डॉक्टरों की टीम उन्हें लगातार मॉनिटर कर रही है।

वहीँ, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी पूर्व सीएम अजीत जोगी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है. सीएम बघेल ने फोन पर अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी से चर्चा की और अजीत जोगी का हालचाल जाना। अमित जोगी से चर्चा में सीएम बघेल ने कहा कि चिंता न करें. अजीत जोगी के स्वास्थ्य के संबंध में राज्य सरकार द्वारा हर संभव पहल की जाएगी।

डॉ. सुनील खेमका के मुताबिक, हमेशा की तरह जोगी घर में व्हील चेयर पर टहल कर इमली खा रहे थे। इसी दौरान इमली का बीज उनके गले मे अटक गया। इससे हार्टबीट असामान्य हो गई।

बता दें कि लॉकडाउन में फंसे प्रवासियों को लेकर अजीत जोगी ने आज ही सुबह एक ट्वीट किया, ‘प्रवासी मजदूरों का दुख असहनीय होता जा रहा है। जैसे वंदे भारत चालू किया गया है वैसा ही भारत के सभी संसाधनों का उपयोग कर अर्थात सभी रेल,सभी निजी और सरकारी ट्रक और बसों को लगाकर अभियान चलाकर 4 दिन में इन सबको इनके राज्य की सीमा तक पहुंचा दें।उनकी स्थिति देखकर पीड़ा होती है।