पाकिस्तान: पति ने धारदार कैंची से काट दी पत्नी की जुबान, तलाक हो जाने से था नाराज

पाकिस्तान में एक आदमी ने पत्नी को तलाक देने के बाद उसकी जुबान काट दी। गल्फ न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया है, लेकिन आरोपी फरार है। यह घटना लाहौर से 110 किलोमीटर दूर एक छोटे शहर पिंडी भट्टियां की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जहांगीर ने अपनी पत्नी नसरीन को कुछ दिन पहले तलाक दे दिया था।

जियो टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि वह अपने ससुराल गया और कैंची से नसरीन की जुबान काट दी। घटना हफीजाबाद जिले केपिंडी भट्टियां तहसील की है। पीड़िता के पिता ने पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करते हुए बताया कि जहांगीर ने उसकी बेटी की जुबान काट दी उन्होंने ये भी बताया कि वह अक्सर उसे मानसिक रुप से प्रताड़ित करता रहता था।

शिकायतकर्ता ने बताया कि इस जघन्य अपराध के पीछे उन दोनों के बीच कुछ दिनों पहले ही हुआ तलाक था। उन्होंने बताया कि तलाक के बाद वह मेरी बेटी की हत्या कर देना चाहता था इसलिए वह हमारे घर आया था। रिपोर्ट के मुताबिक लड़की के पिता घर से बाहर खेतों पर गए हुए थे औऱ घर पर उनकी बेटी औऱ उनकी पत्नी मौजूद थे।

उसी दौरान आरोपी उसके घर में घुस आया और उनकी बेटी को अपने कब्जे में लेकर एक कमरे में बंद कर लिया। उसके पास एक तेज धार वाली चाकू भी थी। कमरे के अंदर उसने उसकी बेटी के साथ खूब मारपीट भी की इसके साथ ही उसने उसके फेस और हाथों पर भी चाकू से कई वार किए।

घर पर चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के भी कई लोग वहां जमा हो गए जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। पीड़िता को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके पास से दो धारदार कैंची को बरामद किया गया है।