फ़ोन न देने पर दोस्त को दिया ट्रक के सामने धक्का

 मुंबई: मुंबई में एक चौका देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ पर एक 29 वर्षीय युवक ने अपने दोस्त को सिर्फ इसलिए ट्रक के सामने धक्का दे दिया क्योंकि उसने फ़ोन करने के लिए अपना मोबाइल देने से मना कर दिया था. पुलिस ने फ़िलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय किशोर काइलात अपने 30 वर्षीय दोस्त विजय साल्वे के साथ बार में शराब पी रहा था. उसके कुछ देर बाद आरोपी शिवा मोहिते भी बार में आ गया और किशोर ने शिवा की पहचान विजय से करवाई। इसी बीच शिवा ने किशोर से फोन करने के लिए उसका मोबाइल मांगा पर किशोर ने शिवा को अपना फोन देने से मना कर दिया और इसी बात पर दोनों में विवाद शुरू हो गया.  इसके बाद किशोर और विजय बार से बाहर आ गए और क्रोध के आवेश में आकर शिवा हाथ में चाकू लेकर उनका पीछा करने लगा. इसी गहमागहमी में शिवा ने किशोर का कॉलर पकड़ लिया और उसे तेज रफ्तार ट्रक के सामने धक्का दे दिया।

इसके बाद पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशोर काफी घायल हो गया और उसे इलाज के लिए केईएम अस्पताल ले जाया गया जहाँ पर रात 3 बजे के करीब इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.