जिस्म पर खाकी वर्दी और दो चलती कारों की छत पर खड़े होकर सिंघम स्टाइल में स्टंट करने वाले ये हैं मध्य प्रदेश के दमोह जिले के सब इंस्पेक्टर मनोज यादव। जनाब की इस हीरोपंती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया फिर क्या जनाब ने सोचा था उन्हें वाह वाह मिलेगी लेकिन जनाब तो आलोचनाओं से घिर गए। इस वायरल वीडियो की शिकायत पुलिस के आलाधिकारियों तक पहुंची जिसके बाद एसपी हेमंत चौहान एसआई मनोज यादव पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए उन्हें चेतावनी दी कि इस तरह की गलतियां भविष्य में न हों क्योंकि यह उनके पद की गरिमा के विपरीत है। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश इन दिनों कोरोना वायरस की मार से जूझ रहा है। यहां पर पर कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। इस महामारी के बीच ऐसा वीडियो पुलिस की संजीदगी पर निश्चित तौर पर सवाल खड़े करता है।