योग गुरु बाबा रामदेव का कहना है कि देश चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश की कमान संभालें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विपक्ष में ऐसा कोई नेता नहीं दिखाई दे रहा है कि जिसमें वह काबिलियत दिखाई देती हो। उन्होंने कहा कि देश का चौकीदार चोर नहीं है, बल्कि प्योर है, जिसे पूरा देश मान रहा है। देश क्या दुनिया में कोई भी शख्स नहीं कहता है कि पीएम मोदी ने देश को लूटा है। रामदेव ने कहा कि दुनिया की निगाह एक ऐसे शख्स पर है, जो अपना फर्ज ईमानदारी से निभा रहा है।
प्रधानमंत्री के खिलाफ ‘चौकीदार चोर है’ के विपक्ष नारे के बीच योग गुरु ने कहा, ‘कुछ लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं… हो सकता है कि उनके उससे अच्छे संबंध न हों और इसलिए वे ऐसा करते हों, लेकिन पीएम मोदी ने देश के लिए जो कुछ भी किया है, उससे कोई इनकार नहीं कर सकता।
रामदेव ने जम्मू एवं कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के बयान को लेकर भी उन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती का अस्तित्व केवल श्रीनगर में है। उन्होंने जोर देकर कहा कि श्रीनगर और जम्मू भारत के साथ है।
उमर अब्दुल्ला ने कश्मीर के बांदीपोरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सोमवार को कहा था कि आजादी के बाद जो भी रियासतें थीं, कश्मीर उनसे अलग था और यह अपनी शर्तों के साथ भारत में शामिल हुआ था। उन्होंने कश्मीर में दोबारा अलग प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति बनाने की बात भी कही, जिस पर सोमवार को ही पीएम मोदी ने भी पलटवार किया। उन्होंने इस मुद्दे पर महागठबंधन से भी सवाल किया और अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए कहा।