नई दिल्ली. नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के मरने की खबरे पिछले कई दिनों से वायरल हो रही थी, जिसपर विराम लग गया है। करीब 20 दिन बाद वह किसी सार्वजनिक कार्यकर्म में पहली बार दिखाई दिए।
तीन सप्ताह के बाद उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन शुक्रवार को सार्वनिजक रूप से अपनी बहन और अन्य अधिकारियों के साथ नजर आए। नॉर्थ कोरिया की स्टेट मीडिया ने शनिवार को कुछ तस्वीरें प्रकाशित की हैं, जिससे सभी खबरों पर विराम लग गया हैं।
रोडॉन्ग सिनमुन अखबार की तस्वीरों में किम जोंग उन को राजधानी प्योंगयांग के पास सेंचोन में शुक्रवार को एक उर्वरक कारखाने में एक समारोह में भाग लेते दिखाया गया है। इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं कि किम जोंग उन पहले की तरह ही फिट नजर आ रहे हैं और मुस्कुराते भी दिख रहे हैं।

तस्वीरों में किम जोंग उन अपनी बहन और करीबी सलाहकार किम यो जोंग के अलावे सीनियर अधिकारियों के साथ नजर आ रहे हैं। किम जोंग उन उर्वरक कारखाने में फीता काटते दिख रहे हैं।एजेंसी ने कहा, ‘विश्व के मेहनतकश लोगों के लिए एक मई को मनाये जाने वाले अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के मौके पर उर्वरों का उत्पादन करने वाली कंपनी शंचोन फॉस्फेटिक फर्टिलाइजर द्वारा आयोजित समारोह में श्री किम शामिल हुए।’
दरअसल, किम 11 अप्रैल को पोलित ब्यूरो की मीटिंग के बाद नजर नहीं आए थे, जिसके बाद से उन्हें लेकर कई कयास लगाये जा रहे थे, लेकिन अब वहां की मीडिया ने उनकी कुछ तस्वीरें साझा कर सभी तरह की अटकलों पर विराम लगा दिया है।