करण जौहर के बहुचर्चित चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पंड्या और केएल राहुल की कंट्रोवर्शियल चैट ने हर तरफ कोहराम मचा दिया था. ये मामला काफी सुर्ख़ियों में रहा और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया. विवादित कमेंट के लिए दोनों क्रिकेटर्स की जमकर आलोचना भी हुई. पर यह मामला अब करण जौहर के लिए भी मुसीबत बनता नज़र आ रहा है.
ख़बरों की माने तो इस मामले में करण जौहर की मुश्किलें बहुत जल्द बढ़ने वाली हैं. खबर है कि महिलाओं पर विवादित टिप्पणी के लिए हार्दिक पंड्या-केएल राहुल समेत कॉफी विद करण के होस्ट करण जौहर के खिलाफ जोधपुर में केस दर्ज हुआ है. रिपोर्ट्स के मुताबिक़ इस मामले में पहली बार करण जौहर कानूनी दांवपेच में फसते दिखाई दे रहे हैं.
आपको बताते चलें कि पंड्या ने चैट शो में करण से बातचीत के दौरान महिलाओं को लेकर टिप्पणी की थी जिसे आपत्तिजनक माना गया. दिसंबर में इस शो को टेलीकास्ट किया गया था. विवाद बढ़ने के बाद ऑनलाइन चैनल हॉटस्टार ने इसे अपने चैनल से हटा दिया था. महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में पंड्या और राहुल को जांच पूरी होने तक निलंबित भी कर दिया गया था. हालांकि विवाद बढ़ता देख पंड्या ने माफी मांग ली थी और इसके बाद भारतीय टीम में उनकी वापसी भी हो गई है.