पिछले काफी दिनों से 2017 की हिट फिल्म हिंदी मीडियम का सीक्वल सुर्खियों में है। फिल्म के मेकर्स ने घोषणा की थी कि जल्द ही इस कॉमेडी फिल्म का सीक्वल बनेगा। जिसमें मेल लीड में इरफान खान ही वापसी करेंगी, लेकिन फीमेल लीड को लेकर कोई अनाउंसमेंट नहीं किया गया। अब खबर है कि बॉलीवुड की हॉटेस्ट मॉम करीना कपूर खान हिंदी मीडियम 2 में लीड रोल में नजर आ सकती हैं।
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक करीना कपूर खान हिंदी मीडियम 2 में इरफान को जॉइन करेंगी। इसमें वह पुलिस का किरदार निभाएंगी। मिड-डे को एक सूत्र ने बताया कि फिल्म की शूटिंग जहां अप्रैल में शुरू होगी, वहीं करीना लंदन शैड्यूल के दौरान मई के मिड में ही यूनिट को जॉइन करेंगी। इस फिल्म में वह पुलिस के किरदार में दिखेंगी। जहां करीना को इसकी स्क्रिप्ट बहुत पसंद आई, वहीं वह अपने 19 साल लंबे करियर में पहली बार पुलिस ऑफिसर का रोल प्ले करने को लेकर भी बहुत एक्साइटेड हैं। वह नवंबर तक सीक्वल की शूटिंग खत्म करना चाहती है। जिससे फिर वह करण जौहर की पीरियड ड्रामा तख्त की शूटिंग शुरू कर सके।
हालांकि अब तक करीना को लेकर फिल्म के प्रोड्यूसर होमी अदजानिया और दिनेश विजान में से किसी ने कोई घोषणा नहीं की है। लेकिन इस खबर के सच होने की संभावना है, क्योंकि करीना ने इससे इनकार नहीं किया है। आपको बता दें कि करीना इन दिनों अपनी फिल्म गुड न्यूज की शूटिंग कर रही हैं। इस फिल्म की शूटिंग की कुछ फोटोज भी इंटरनेट पर वायरल हुई थीं, जिसमें करीना नकली बेबी बंप के साथ दिख रही थीं।
गुड न्यूज में वह एक बार फिर अक्षय कुमार के अपोजिट नजर आएंगी। इसमें पंजाबी एक्टर-सिंगर दिलजीत दोसांझ भी दूसरी बार करीना के साथ काम करेंगे। इनके अलावा कियारा आडवाणी भी गुड न्यूज का हिस्सा हैं। वहीं अगर हिंदी मीडियम की बात करें तो इस फिल्म में इरफान खान के साथ पाकिस्तानी एक्ट्रेस सबा कमर नजर आईं थीं।