रिकॉर्ड उत्तर प्रदेश  में  5423 मरीज,चार जिलों पर लखनऊ -विशेष नजर, लखनऊ में सबसे ज़्यादा 712 पॉजिटिव मिले, गाज़ियाबाद में 116, नोएडा में 79 संक्रमित मिले ।

 

लखनऊ – उत्तर प्रदेश में रविवार को जारी कोरोना बुलेटिन में एक दिन में 5423 रिकार्ड संक्रमित मिले है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासनों को दिन में दो बार बैठक कर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिये है।

 

 

श्री योगी ने रविवार को अनलाक समीक्षा बैठक में कहा कि कोविड प्रभावित मरीजों को और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जिलाधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी दिन में दो बार बैठक करें। सुबह की बैठक अस्पताल में हो, जबकि शाम की बैठक इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेण्टर में की जाए। बैठक में सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया जाए।

 

 

उन्होने कहा कि कोविड चिकित्सालयों में तैनात चिकित्सक एवं स्टाफ नर्स वाॅर्ड में जाकर मरीजों का उपचार करें।

 

 

उन्होने प्रतिदिन 1.30 लाख कोविड टेस्ट करने पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि प्रदेश में टेस्टिंग तथा कोविड अस्पतालों में बेड्स की संख्या बढ़ाने के लिये अग्रिम रणनीति तैयार रहे। उन्होंने लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर आदि जिलों में संक्रमितों की संख्या को देखते हुए विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि इन जिलों में संक्रमित लोगों की जीवन रक्षा के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

 

 

इस बीच स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमित 5423 नये मरीजों की पहचान की गयी है जबकि इस दौरान 4318 पुराने मरीज स्वस्थ भी हुये। इस अवधि में 59 मरीजों की मृत्यु हो गयी। राज्य में अब तक एक लाख 35 हजार 613 मरीज स्वस्थ हो चुके है जबकि 2926 काल कवलित हुये है। राज्य में फिलहाल 49242 मरीजों का इलाज चल रहा है। लखनऊ में आज भी 712 ,कानपुर में 320, वाराणसी में 242, मुरादाबाद में १४७, अलीगढ में 122 , प्रयागराज में 266, गोरखपुर में 295 नए केस मिले है। गाज़ियाबाद में भी 116, गौत्तम बुद्ध नगर में 79 मरीज मिले है।

 

 

गोरखपुर में रविवार को 295 नये कोरोना संक्रमितों मिलने के बाद जिले में इनकी संख्या बढ़कर 7303 हो गयी है।

 

 

आधिकारिक सूत्रो ने बताया कि आज प्राप्त जांच रिपोर्ट में 295 नये लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। जिले में संक्रमित 7303 में से अभी तक 1162 मरीज स्वस्थ्य होने के बाद घर चले गये। इनके अलावा बड़ी संख्या संक्रमित अपने घर पर उपचार के दौरान ठीक हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान अब तक 104 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 2724 संक्रमित मरीजों का विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाज जारी है।

 

प्रयागराज में कोरोना संक्रमण थम नहीं रहा है और रविवार को नए 238 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि के बाद जिले में इनकी संख्या बढ़कर 7217 हो गयी है।मुख्य चिकित्साधिकारी डा जी एस वाजपेयी ने बताया कि आज प्राप्त जांच रिपोर्ट में 238 नये मामले सामने आये है। जिले में 7217 कोरोना मरीजों में से अब तक 2946 स्वास्थ हो चुके हैं जबकि आज चार लोगों की और मृत्यु होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 120 हो गयी है।उन्होंने बताया कि घर पर रहकर 2340 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1811 एक्टिव मरीजों का उपचार शहर के विभिन्न कोविड़ अस्पतालों में चल रहा है।डा0 वाजपेयी ने बताया कि 1909 सम्भावित लोगों के सैंपल लिये गये जबकि 3113 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव रिपोर्ट मिली है।

 

 

जौनपुर में रविवार को 44 और नये कोरोना संक्रमित मिलने के बाद जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर 3354 हो गयी है । जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने यहां बताया कि आज प्राप्त जांच रिपोर्ट में 44 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि राहत की बात यह है कि संक्रमित 3354 मरीजो में से अभी तक 2806 ठीक हो कर घर जा चुके। जिले में 43 संक्रमितों की मृत्यु हो चुकी है जबकि 505 पॉजिटिव मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में हो रहा है। उन्होंने बताया कि आज 1290 सैंपल किए गए। अभी तक 72376 सैंपलों में से 69040 की जांच रिपोर्ट मिली चुकी है जबकि 3336 की आना शेष है।