उत्तर प्रदेश के कन्नौज में सपा-बसपा-रालोद (एसपी-बीएसपी-आरएलडी) गठबंधन की रैली में उस वक्त परेशानी खड़ी हो गई जब एक बदमाश आवारा बैल उनकी रैली के सामने आ गया जिसके बाद वहां अफरा तफरी मच गई। मामला गुरुवार का है जब कन्नौज में महागठबंधन की रैली आयोजित की जाने वाली थी। इस घटना के बाद सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि बैल यहां हमारी रैली में अपनी शिकायत लेकर आया था।
दरअसल राज्य सरकार पर उनका ये तंज था कि हर कोई यहां परेशान है यहां तक कि बैल भी परेशान है जो उनके पास शिकायत लेकर आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आय़ा है जिसमें देखा जा सकता है कि रैली के सामने बैल के आ जाने से वहां आफरा तफरी मच जाती है। बैल वहां एक शख्स पर हमला भी कर देता है जो उसे नियंत्रित करने की कोशिश करता है जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो जाता है।
माहौल बिगड़ने पर वहां पुलिस को आना पड़ता है और वहां लाठी चार्ज करना पड़ता है। पुलिस इस दौरान वहां मौजूद भीड़ को वहां से हट जाने को कहती है। इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि कोई इस तरह अपनी शिकायत लेकर आएगा। बैल ने दरअसल सोचा कि हरदोई से हेलीकॉप्टर आ रहा है इसलिए वह अपनी शिकायत लेकर आ गया।
उन्होंने आगे कहा कि 23 मई को लोकसभा चुनाव के पहले इस बैल से निपटने के लिए बहादुर लड़कों का मैं सम्मान करता हूं। उन्होंने कहा कि वे अपने कार्यकर्ताओं और पुलिस को इस बैल से निपटने के लिए धन्यवाद देना चाहूंगा जिसके प्रयासों के बाद इस रैली का आयोजन संभव हो पाया।
उन्होंने ट्वीट कर भी इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सड़कों पर घूम रहे जानवरों को देखकर पता चलता है कि प्रदेश में किसानों की स्थिति क्या है। हमने 21 महीनों में एक्सप्रेसवे बनाया लेकिन पिछले 5 सालों में लोगों को आवार पशुओं से सबसे ज्यादा परेशानी हुई।
अगर सरकार एक बैल को राजनीतिक रैली में प्रवेश होने से नहीं रोक सकती है तो कल्पना करें किसानों की क्या स्थिति होती होगी उनका कितना नुकसान होता होगा। गौरतलब है कि कन्नौज में 29 अप्रैल को मतदान होना है। सीट शेयरिंग की बात की जाए तो उत्तर प्रदेश में एसपी के पास 37 सीटें, बीएसपी के साथ 38 सीटें और आरएलडी के पास 3 सीटों की साझेदारी है।