यूपी पुलिस के सब इंस्पेक्टर का सेल्फी अंदाज पड़ा भारी, पुलिसकर्मी को होर्डिंग्स हटाने के लिए चढ़ाया पोल पर

चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही पूरे देश में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। इसका अर्थ ये है कि किसी भी सरकारी घोषणा का ऐलान नहीं किया जा सकता है। इसके साथ ही प्रशासन की तरफ से राजनीतिक दलों के साथ सरकारी विज्ञापनों और होर्डिंग्स को भी उतार दिया जाता है। इसी क्रम में उन्नाव में पुलिस वाले एक पोल से होर्डिंग्स उतार रहे थे। लेकिन उनकी इस कार्रवाई का पुलिस वाले को खामियाजा भुगतना पड़ा।

उन्नाव जिले में सरकारी होर्डिंग्स उतारने के क्रम में एक पुलिस वाल बिजली के खंभे पर चढ़ गया। पुलिसवाले की इस बहादुरी को एक सब इंस्पेक्टर ने अपने कैमरे में कैद करते हुए सेल्फी ली। बताया जा रहा है कि सब इंस्पेक्टर ने पुलिसकर्मी को खंभे पर चढ़ने का आदेश दिया। जब ये तस्वीर वायरल हुई तो सब इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डिस्ट्रिक्ट लाइन में भेज दिया गया और जांच के आदेश दिए गए हैं।

बता दें कि देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में सात चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण का चुनाव 11 अप्रैल होगा और अंतिम चरण का चुनाव 19 मई को समाप्त होगा। पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 19 मई को मतदान होगा। पूरे देश में 23 मई को एक साथ मतगणना कराई जाएगी। आम चुनाव 2014 में यूपी में एनडीए 73 सीटों के साथ सबसे आगे थी। एसपी के खाते में पांच सीटें गई और वो सभी सीटें उनके परिवार से जुड़ी हुई थीं। कांग्रेस महज रायबरेली और अमेठी को जीतने में कामयाब रही। लेकिन बीएसपी का सुपड़ा साफ हो गया था।