बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने दंगल फिल्म में अपने बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन से सबको हैरान कर दिया था। इस फिल्म के लिए आमिर खान ने पहले अपना वजन बढ़ाया था। वहीं, चार महीने में ही उन्होंने वर्कआउट और डाइट प्लान से वजन घटाया। अब आमिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में आमिर खान बता रहे हैं कि कैसे इस दौरान वह पार्टी में भी अपना डाइट प्लान फॉलो करते थे।
आमिर खान का ये वीडियो एक इवेंट का है। इस इवेंट में आमिर खान से पूछा गया कि जब वह लेविश पार्टियों में जाते थे तो कैसे डाइट कंट्रोल करते थे। इस पर आमिर खान ने कहा कि वह इन पार्टियों में खुद का टिफिन कैरी करते थे।
आमिर खाने ने शाहरुख खान की पार्टी का एक किस्सा शेयर किया। आमिर खान ने कहा कि एप्पल के सीईओ टिम कुक शाहरुख खान के घर आए थे। इस दौरान शाहरुख खान ने मुझे भी इनवाइट किया था।
गौरी को दिया ये जवाब
आमिर खान वीडियो में बताते हैं कि शाहरुख खान की वाइफ गौरी ने मुझसे कहा कि आपको खाना खाकर जाना है। इस पर मैंने कहा-हां बिल्कुल। वहीं, जब पार्टी में जब खाना सर्व हुआ तो मैंने कहा कि मैं अपना टिफिन साथ लेकर आया हूं।
आमिर बताते हैं- मुझसे गौरी ने कहा कि आप हमारे घर अपना खाना लेकर आए हैं। मैंने गौरी से साफ कहा कि मैं कोई फॉर्मेलिटी नहीं कर रहा हूं। मैं अपनी फिल्म दंगल के लिए स्ट्रिक्ट डाइट फॉलो कर रहा हूं। ऐसे में मैं पार्टी में भी अपना टिफिन कैरी करता हूं।