बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट स्टारर फिल्म कलंक आज रिलीज हो रही है। फिल्म में यह दिखाया गया है कि रूप (आलिया भट्ट) एक मुसलमान लड़के जफर (वरुण धवन) से प्यार करती है। उनकी फिल्म को लव जिहाद से भी जोड़ा जा रहा है। जिसके बारे में आलिया ने कहा कि हमारी फिल्म लव जिहाद से संबंधित नहीं है।
जब लव- जिहाद के बारे में आलिया से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘देखिए प्यार, प्यार होता है और इसमें कभी भी धर्म का बंधन नहीं होना चाहिए, हमने अपनी फिल्म में भी यही दिखाया है। प्यार में धर्म को नहीं आना चाहिए। जब दो लोगों को शादी करनी हो या प्यार करना हो तो धर्म के बारे में नहीं सोचना चाहिए।’
इस बारे में बात करते हुए आलिया ने कहा कि प्यार सोच समझ कर नहीं होता, लोग दिलों- जान से मोहब्बत करते हैं। आलिया ने कहा कि हो सकता है कि इस मामले में बहुत लोग मेरी बात से सहमत ना हों लेकिन मेरा यही मानना है। जो लोग एक- दूसरे से प्यार करते हैं उन्हें अलग करने के लिए बीच में धर्म को लाना गलत है। दो लोगों को इसलिए अलग करना क्योंकि वो अलग धर्मों से हैं, गलत है।
वहीं आलिया ने अपनी फिल्म कलंक के बारे में बात करते हुए कहा कि उनकी फिल्म में लव जिहाद जैसा कुछ नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि फिल्म के बारे में बताने के लिए बहुत कुछ है लेकिन वो आपको नहीं बता सकती। इस फिल्म में केवल प्यार को दिखाया गया है। बता दें कि आज रिलीज हुई फिल्म कलंक में उनके अलावा वरुण धवन, माधुरी दीक्षित, संजय दत्त, सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर हैं।