नई दिल्ली। विशाखापट्टनम के आरएस वेंकटपुरम गांव में एलजी पॉलिमर इंडस्ट्री प्लांट में केमिकल गैस के लीक होने का मामला सामने आया है। इससे पूरे शहर में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इसमें करीब 10 लोगों की मौत भी हो गई है। जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। गैस को न्यूट्रलाइज कर दिया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये की सहायति राशि देने का ऐलान किया है। गैस कांड के चलते जिन लोगों का वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा है उन सभी लोगों को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, अन्य लोगों को जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है लेकिन वे वेंटिलेटर पर नहीं हैं उन सभी को 1-1 लाख रुपये दिए जाएंगे। एस.एन.प्रधान, डायरेक्टर जनरल नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स(NDRF) ने बताया कि जानकारी मिली कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
बता दें कि अधिकतम प्रभाव लगभग 1-1.5 किमी तक था, लेकिन गैस की गंध 2-2.5 किमी तक थी। वहीं गैस कांड़ के पीड़ितों का हाल जानने के लिए खुद राज्य के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी किंग जॉर्ज अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि यह प्लांट गोपालपट्टनम इलाके में स्थित है। इस इलाके के लोगों ने आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ, जी मचलाना और शरीर पर लाल चकत्ते पड़ने की शिकायत की। इस मामले पर पीएम मोदी भी निगरानी रख रहे हैं।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैंने विशाखापत्तनम की स्थिति के बारे में गृह मंत्रालय और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारियों से बात की है जिस पर कड़ी नज़र रखी जा रही है। मैं विशाखापत्तनम में सभी की सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रार्थना करता हूं। इसी के साथ ही पीएम मोदी ने विशाखापत्तनम की स्थिति के बारे में आंध्र प्रदेश के सीएम वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी से बातचीत की है। उन्होंने सभी मदद और सहायता का आश्वासन दिया।
#VizagGasLeak update 3 @NDRFHQ Spl chemical accident team continues search & evacuation work assisting local people & admin on site @PIBHomeAffairs @ndmaindia @vizagcitypolice @vizagcollector @HMOIndia @BhallaAjay26 pic.twitter.com/yKzxdHu3cV
— ѕαtчα prαdhαnसत्य नारायण प्रधान ସତ୍ୟ ପ୍ରଧାନ (@satyaprad1) May 7, 2020
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने कहा, विशाखापत्तनम के पास एक प्लांट में गैस के रिसाव की ख़बर से दुखी हूं जिसने कई लोगों की जान ले ली। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। मैं घायलों के ठीक होने और सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, विशाखापत्तनम में हुई घटना परेशान करने वाली है। NDMA के अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों से बात की। हम स्थिति पर लगातार और बारीकी से नज़र रख रहे हैं। मैं विशाखापत्तनम के लोगों के अच्छे होने की प्रार्थना करता हूं।
मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने विशाखापत्तनम में गैस रिसाव की घटना के बारे में पूछताछ की है और ज़िले के अधिकारियों को लोगों की ज़िंदगी बचाने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया है।
वहीं विशाखापट्टनम म्युनसिपल कॉरपोरेशन ने लोगों से अपील की है कि लोग पूरा इलाका खाली कर दें। निगम के अनुसार, यहां गोपालपटनम की एलजी पॉलीमार कंपनी में गैस लीक हुई है, जिसके बाद काफी लोगों को दिक्कत हो रही है। ऐसे में तुरंत इलाका खाली करने को कहा गया है।
जी.किशन रेड्डी, गृह राज्य मंत्री ने कहा, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में एक निजी फर्म में गैस रिसाव के कारण जान गंवाने वाले 5 लोगों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। स्थिति का जायज़ा लेने के लिए राज्य के मुख्य सचिव और DGPसे बात की।