हर तरफ इंसान इस चिलचिलाती गर्मी से त्रस्त है और पंखे कूलर का सहारा लेकर अपनी दिनचर्या बिता रहा है। क्या आपने कभी सोचा है कि गर्मी क्या सिर्फ इंसानों को ही लगती है या भगवानों को भी गर्मी लगती है। आपको ये सवाल सुनकर ही अजीब लग रहा होगा लेकिन हम यहां जिस खबर की बात कर रहे हैं उसके बारे में जानकर हैरान हुए बिना नहीं रह पायेंगे।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक ऐसा मंदिर है जहां भगवानों और मूर्तियों को भी गर्मी लगती है। ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि ऐसा वहां के पंडित कह रहे हैं। यही कारण है कि मंदिर में मूर्तियों के ऊपर पंखे लगाए गए हैं साथ ही भगवान की मुर्तियों के सामने कूलर भी लगाए गए हैं।
सिद्धि विनायक गणेश मंदिर के पुजारी सुरजीत कुमार दुबे ने बताया कि भगवान को भी गर्मी लगती है। वे भी हम इंसानों जैसे ही हैं। इसलिए उनके लिए कूलर का इंतजाम किया गया है। गर्मी के प्रकोप से बचने के लिए उन्हें हल्के कपड़े पहनाए गए हैं।
बलिया में लू का कहर, 2 लोगों की मौत
बलिया जिले के पकड़ी क्षेत्र में लू की चपेट में आने से दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। सूत्रों के अनुसार गुरुवार को अपरान्ह विमल राजभर (60) और मुंशी राजभर (65) किसी काम से गांव के बाहर गए हुए थे। उधर से लौटते समय लू लगने से दोनों अचेत होकर गिर पड़े। सूचना मिलने पर मौके पर पहुँचे परिजनों ने दोनों व्यक्तियों को सामुदायिक केंद्र खेजुरी में उपचार के लिये भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भीषण गर्मी पड़ रही है इन जगहों पर पारा 42 के पार चला गया है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की बात की जाए तो दिल्ली एनसीआर और नोएडा सहित इलाकों में भी तापमान 42 के आस-पास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल गर्मी से किसी प्रकार के राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।