औरैया सड़क हादसा : एक्शन में आए सीएम योगी, पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में भीषण सकड़ हादसा हुआ है। यहां प्रवासी मजदूरों से भरी डीसीएम में ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में 24 मजदूरों की मौत हो गई। घटना में 15 लोग घायल भी हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल व सैफ़ई पीजीआई भेजा गया है। घटना शनिवार तड़के 3.30 तीन बजे हुई है। प्रशासन के साथ आसपास के लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। सीएम योगी ने औरैया हादसे की समीक्षा करते हुए आदेश दिया है कि बॉर्डर के दोनों थानाध्यक्ष को तत्काल निलंबित किया जाए। साथ ही क्षेत्राधिकारियों को कठोर चेतावनी दी ।

सीएम योगी ने एसएसपी, एडिशनल एसपी मथुरा एवं एसएसपी आगरा व एडिशनल एसपी आगरा सभी से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही साथ एडीजी आगरा जोन, आईजी आगरा जोन इस मामले में स्पष्टीकरण तलब किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोनों ट्रक मालिकों पर आईपीसी धारा में मुकदमा दर्ज करने और ट्रक को जब्त करने का निर्देश दिया है।

योगी ने कहा कि सभी बॉर्डर क्षेत्रों में असुरक्षित साधनों से कोई भी व्यक्ति ना चले। बॉर्डर क्षेत्रों में हर जिले में 200 बस जिलाधिकारी के निवर्तन पर रखने के आदेश पहले ही दे रखे हैं। साथी ही श्रमिकों को बस से भेजने के लिए धनराशि स्वीकृत की है। योगी ने कहा कि जिलाधिकारी इन आदेशों का कड़ाई से पालन करें ।

मोहित अग्रवाल, IG कानपुर ने बताया, हादसे में अब तक 24 लोगों की मौत हुई है और 22 लोगों को सैफई मेडिलक कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं 12 लोगों का ज़िला अस्पताल औरैया में इलाज चल रहा है। हम लोगों का पूरा प्रयास है कि जो घायल हैं वो सही सलामत अपने घर पहुंचे। ओरैया के DM अभिषेक सिंह ने बताया: सुबह 3:30 बजे का हादसा है, इसमें 24 लोगों की मौत हुई है। 20 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ज्यादातर ​लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना पर दुख जताया है। 24 मजदूरों की मौत पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर लिखा है, उत्तर प्रदेश के औरैया में सड़क दुर्घटना बेहद ही दुखद है। सरकार राहत कार्य में तत्परता से जुटी है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं, साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

वहीं विपक्ष इस हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोल रहा है, यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा, घर लौट रहे प्रवासी मज़दूरों के मारे जाने की ख़बरें दिल दहलानेवाली हैं. मूलत: ये वो लोग हैं जो घर चलाते थे. इसलिए समाजवादी पार्टी प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को 1 लाख रु की मदद पहुँचाएगी. नैतिक ज़िम्मेदारी लेते हुए निष्ठुर भाजपा सरकार भी प्रति मृतक 10 लाख रु की राशि दे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, उतर प्रदेश के औरैया में सड़क हादसे में 24 मजदूरों की मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं।मृतकों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा, यूपी के CM से मेरा ये ही कहना है कि जिन अधिकारियों ने अपनी ज़िम्मेदारी को अच्छी तरह नहीं निभाया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें और जो लोग इस दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए हैं उनकी पूरी आर्थिक मदद करें और मृतकों के शरीर को उनके परिवार के पास भेजें।