पटना : बिहार के जोगबनी से नई दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल पर आ रही सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन की 9 बोगियां रविवार सुबह पटरी से उतर गईं। जानकारी के अनुसार अभी तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव का कार्य जारी है। बिहार सरकार ने रेल हादसे में मरने वालो के परिजनों को 5 लाख रुपये जबकि गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देने का एलान किया।
रेलवे से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सीमांचल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12487 जोगबनी से आनंद विहार आ रही थी। सुबह के 3.52 मिनट पर ट्रेन ने मेहनार रोड को पार किया। इसके बाद वह 3.58 बजे सहदेई स्टेशन के पास पहुंची। जहां उसके नौ डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे की एक पीड़ित महिला ने बताया कि अचानक जोर से आवाज आई और शोर होने लगा। सीमांचल एक्सप्रेस के बी3 एसी कोच से यात्रा कर रहीं महिला यात्री ने बताया कि हर तरफ सामान और यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरे हुए थे। स्लीपर में सफर कर रहे एक यात्री ने बताया कि इस घटना में कई लोगों की मौत हो गई है और काफी बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
सूत्रों के अनुसार सोनपुर और बरौनी से डॉक्टरों की एक टीम को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। ट्रेन के अप्रभावित 12 कोच को हाजीपुर के लिए रवाना कर दिया गया है जहां इसमें अतिरिक्त कोचों को जोड़ा जाएगा और ट्रेन को आनंद विहार टर्मिनल के लिए रवाना किया जाएगा। रेलवे द्वारा यात्रियों के लिए हाजीपुर और पटना में खाने, पानी आदि का इंतजाम किया गया है।