
नई दिल्ली: देश में कोरोना संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी द्वारा लिया गया बड़ा फैसला सामने आया है। मनोज तिवारी को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष पद से छुट्टी दे दी गई है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मनोज तिवारी को हटाकर आदेश कुमार गुप्ता को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। वहीं पहले भी प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाल चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय एक बार फिर छत्तीसगढ़ भाजपा अध्यक्ष के रुप में चुने गए।
दरअसल, आदेश कुमार गुप्ता पिछले साल पहले तक नॉर्थ एमसीडी के मेयर रह चुके हैं। मनोज तिवारी को हटाकर बीजेपी ने जमीनी और दिल्ली से जुड़े नेता को अध्यक्ष बनाया है।इस पद के लिए उनकी मांग काफी समय से चल रही थी। इसी मकसद के साथ बीजेपी ने यह चेहरा व्यापारी वर्ग को खुश करने के लिए आगे किया है।
बता दें कि कल यानी सोमवार को केजरीवाल सरकार पर कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मनोज तिवारी व अन्य बीजेपी नेता राजघाट में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में हिरासत में ले लिया था और सभी नेताओं को रजिंदर नगर थाने में ले गई है। मनोज तिवारी को पद से हटाने की एक वजह दिल्ली में मिली करारी हार भी बताई जा रही है।