
मुंबई: कोरोनावायरस के कहर के बीच बॉलीवुड से भी लगातार बुरी खबर सामने आ रही हैं। सुरीली अंखियों वाले बॉलीवुड के दबंग म्यूजिक डायरेक्टर्स में से एक वाजिद खान अब हमारे बीच नहीं रहे। म्यूजिक की दुनिया में साजिद-वाजिद काफी पॉप्युलर जोड़ी थी, जो अब टूट चुकी है।
बताया जा रहा है कि वाजिद किडनी की समस्या से लंबे समय से जूझ रहे थे। इसके इलाज के लिए वह पहले भी कई बार अस्पताल में एडमिट हो चुके थे। 31 मई की दोपहर जब वाजिद खान की हालत ज्यादा खराब हुई, तब यह भी खबर सामने आई कि वह वेंटिलेटर में हैं। वाजिद, पिछले कई सालों से किडनी के अलावा हार्ट की समस्या से भी जूझ रहे थे। बताया गया है कि किडनी के इलाज के दौरान जब वाजिद खान का कोरोना टेस्ट किया गया तो उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। वह एक हफ्ते से कोरोना पॉजिटिव थे।
हाल ही में वाजिद ने लॉकडाउन के दौरान रिलीज हुए सलमान खान के गाने ‘प्यार करो ना’ और ‘भाई भाई’ गानों को कम्पोज़ किया था। 42 साल की उम्र में अचानक वाजिद के इस तरह निधन से फैन्स और इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोग हैरान हैं। इस वक्त बॉलिवुड गहरे सदमे में है। हाल ही में इरफान खान और फिर ऋषि कपूर के निधन से अभी उबरे भी नहीं थे कि एक बड़ा धक्का फिर लग चुका है। बॉलिवु़ड सितारों में से कइयों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
साजिद-वाजिद सलमान खान के पसंदीदा म्यूजिक कम्पोजर रहे हैं। वाजिद ने सलमान की 1998 में आई फिल्म प्यार किया तो डरना क्या से ही बतौर कम्पोजर बॉलीवुड में कदम रखा था। वाजिद का आखिर गाना भी सलमान के साथ ही था।
इसके अलावा ‘दबंग 3’ के सभी गाने इन्हीं के कम्पोजिशन में तैयार हुए थे। फिल्म दबंग के म्यूजिक के लिए उन्हें 2011 में फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। साजिद-वाजिद विख्यात तबला वादक उस्ताद शराफत अली खान के बेटे हैं। साजिद-वाजिद की जोड़ी ने सोनू निगम की सुपरहिट ऐल्बम ‘दीवाना’ का म्यूजिक दिया था। इसके बाद इस जोड़ी ने कई सुपरहिट फिल्मों का म्यूजिक दिया। वाजिद केवल एक सफल म्यूजिक डायरेक्टर ही नहीं बल्कि बेहतरीन सिंगर भी थे। उन्होंने कई सुपरहिट गानों को अपनी आवाज दी थी। वाजिद खान टीवी के कई सिंगिंग रिऐलिटी शोज में भी जज के रूप में दिखे थे। वाजिद खान के अभी तक के करियर को देखते हुए यही कहा जा सकता है कि उन्हें अभी बॉलिवु़ड के कई सुपरहिट गाने कम्पोज़ करने थे, लेकिन वे जल्दी चले गए। मगर लोगों के दिलों में उनकी यादें हमेशा ज़िंदा रहेंगी