बिल्‍ली को बचाने के लिए दांव पर लगाई जिंदगी, छठी मंजिल के छज्‍जे पर चला शख्‍स, देखें वीडियो

बिल्‍ली को बचाने के लिए कोई अपनी जान दांव पर लगा दे तो हैरानी स्‍वाभाविक है। लेकिन कनाडा के टोरंटो में ऐसा ही हुआ जब एक शख्‍स ने जब अपने पड़ोसी की बालकनी में एक बिल्‍ली को खतरे में देखा तो अपनी जान की परवाह किए बगैर उसे बचाने के लिए चल पड़ा। इस दौरान वह छठी मंजिल के छज्‍जे पर चलता नजर आया और अंतत: बिल्‍ली को बचा लिया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें नजर आ रहा है कि उस शख्‍स ने कैसे अपनी जान जोखिम में डालकर उस बिल्‍ली की जान बचाई।

यह वीडियो उस इमारत के सामने की एक बिल्डिंग से बनाया गया। इसमें नजर आ रहा है कि कैसे वह शख्‍स अपनी बाल्‍कनी से निकलकर छज्‍जे पर चलते हुए उसी फ्लैट से सटी दूसरी बाल्‍कनी तक पहुंचता है और वहां बिल्‍ली को बचा लेता है। इस दौरान वह इसकी परवाह किए बगैर छज्‍जे पर चलता नजर आ रहा है कि वह गिर भी सकता है। उसकी नजर पूरी तरह बिल्‍ली पर है और वह आगे बढ़ते हुए वहां पहुंचता है और बिल्‍ली को बचाकर वापस अपनी बाल्‍कनी में लौट आता है।

https://twitter.com/blogTO/status/1121387799024947200

यह वीडियो जेफ पॉवेल नाम के एक शख्‍स ने अपने इंस्‍टाग्राम पर शेयर किया, जिसे पिछले चार दिन में 25,082 लोग देख चुके हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने बिल्‍ली की जान बचाने के लिए अपनी जान दांव पर लगाने वाले शख्‍स की तारीफ की है। दरअसल, बिल्‍ली बाल्‍कनी में लगे शीशे में फंस गई थी। वह बाहर निकलने की लगातार कोशिश कर रही थी, लेकिन इसमें सफल नहीं हो रही थी। जब इस शख्‍स ने बिल्‍ली को इस स्थिति में देखा तो उसे लगा कि उसे नुकसान हो सकता है। इसके बाद वह उसे बचाने के लिए बाहर आ गया और उसकी जान बचाई।