अंबेडकरनगर: जिला अस्पताल के CMS एसपी गौतम का कोरोना संक्रमण से निधन

अंबेडकरनगर: जिला अस्पताल के CMS एसपी गौतम का कोरोना संक्रमण से निधन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर के जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एसपी गौतम का कोरोना वायरस से निधन हो गया. वह लखनऊ के पीजीआई अस्पताल में भर्ती थे. मंगलवार को उन्होंने कोरोना के कारण अस्पताल में अपनी अंतिम सांसे ली. इससे पहले मंगलवार को ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर शिरीष दीक्षित की 54 साल की आयु में कोरोना वायरस से मौत हो गई थी. शिरीष दीक्षित का 2 से 3 दिन पहले कोरोना का टेस्ट हुआ था. हालांकि, उनमें कोरोना के लक्षण नहीं थे.

अंबेडकरनगर के डीएम राकेश मिश्रा ने बताया कि उन्हें सांस लेने में तकलीफ और बुखार के बाद CMS एसपी गौतम को पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी. वह बीती 4 जून से बीमार चल रहें थे.

वहीँ सीएमओ डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया- महात्मा ज्योतिबा फुले सयुंक्त जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर एसपी गौतम की 4 जून की रात अचानक तबियत खराब होने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में ही भर्ती कराया गया था. जहां गंभीर हालत देखकर उन्हें पीजीआई लखनऊ के लिए रेफर किया गया. मंगलवार को अचानक सीएमएस की तबियत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई. जिला अस्पताल से पीजीआई भेजे जाने के पहले सीएमएस का कोरोना जांच का सैम्पल लिया गया था. जांच के बाद सीएमएस की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी.

सीएमएस डॉक्टर एसपी गौतम की मौत की खबर से जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है. डीएम राकेश कुमार मिश्र ने अपने फेसबुक वॉल पर भावुक पोस्ट लिखकर सीएमएस को श्रद्धांजलि दी. डीएम ने लिखा कि ‘अलविदा डॉक्टर गौतम, इस लड़ाई में यहां तक साथ देने के लिए. अम्बेडकरनगर आपको भुला नहीं सकेगा.’