
गाजियाबाद: प्रदेश में जारी लॉकडाउन के कारण पिछले कुछ समय से लोगों का रुख बॉलीवुड से हट कर वेब सीरीज की ओर आता दिखाई दे रहा हैं। ऐमज़ॉन प्राइम वीडिओज़ की लेटेस्ट सीरीज ‘पाताल लोक’ कुछ ही समय में विवादों में घिर गयी है।
गाजियाबाद के लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर का आरोप है कि उनकी व गाजियाबाद के राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल की तस्वीर बिना उनकी इजाज़त के गलत तरीके से इस्तेमाल की गयी है।
इसके साथ ही विधायक ने सनातन धर्म की जातियों और अन्य भारतीय एजेंसियों की गलत छवि दिखाए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसे राष्ट्रद्रोह बताया हैं। विधायक ने तत्काल सीरीस बंद करने की मांग करते हुए सीरीस के निर्माता पर जल्द से जल्द रासुका के तहत मामला दर्ज करने को कहा हैं।
बता दें कि ‘पाताल लोक’ वेब सीरीस की प्रोड्यूसर, फिल्म अभिनेत्री व भारतीय क्रिकेट कप्तान की पत्नी अनुष्का शर्मा व उनके भाई सुदीप शर्मा हैं। सीरीस की निंदा करते हुए एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “इस तरह की हिंदू-विरोधी सीरीज को अब बढ़ावा नहीं देना चाहिए। चलिए #BanPaatalLok ट्रेंड करते हैं… हिंदुओं का ब्रेनवॉश किया जा रहा है और वे अपने ही लोगों के खिलाफ जा रहे हैं। बैन करने के लिए एक टैग के साथ ट्वीट करें। यह शो हिंदू भावनाओं को आहत कर रहा है।”