कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के पुणे में कॉलेज के छात्रों के साथ दिलचस्प बातचीत की। इस लाइव इंटरेक्शन में छात्रों ने राहुल गांधी से सब कुछ पूछा। उन्होंने राहुल से जॉब, कांग्रेस का घोषणापत्र, यहां तक कि उनका सबसे अच्छा दोस्त कौन है पूछा। इसी दौरान उनसे पूछा गया कि कौन सी नायिका उनकी बायोपिक में अभिनय कर सकती है। इस पर राहुल ने कहा कि दुर्भाग्य से मैंने काम से ही शादी कर ली है।
इसके अलावा राहुल ने कहा, ‘मेरी बहन प्रियंका गांधी मेरी दोस्त है और हम एक दूसरे को अच्छी तरह से समझते हैं। यदि कभी कहासुनी की नौबत आई भी तो कभी वह पीछे हट जाती, तो कभी मैं पीछे हट जाता हूं।
रक्षा बंधन का त्यौहार मनाने के बारे में राहुल ने कहा कि वह एक असमान्य नियम का पालन करते हैं और अपनी कलाई पर तब तक राखी रहने देते हैं, जब तक उसके धागे खुद ही टूट नहीं जाते।
इसके अलावा राहुल गांधी ने यहां कहा कि उन्हें नरेंद्र मोदी पसंद हैं, लेकिन मोदी के अंदर उनके प्रति गुस्सा है। एक छात्र के सवाल पर उन्होंने थोड़ा रुकते हुए कहा, ‘मुझे नरेंद्र मोदी पसंद हैं। मुझे वास्तव में वे पसंद हैं। मेरे अंदर उनके खिलाफ कोई गुस्सा नहीं है। मैं तो उन्हें पसंद करता हूं, लेकिन उनके अंदर मेरे प्रति गुस्सा है।’ राहुल के इस बयान पर वहां मौजूद छात्रों की तालियों से माहौल गूंज उठा। इसके अलावा वहां मौजूद होस्ट और मीडिया दोनों ही भौंचक्के रह गए। राहुल का यह बयान ऐसे वक्त आई है, जब लोकसभा चुनाव नजदीक हैं और सत्तारूढ़ व विपक्ष दोनों ही एक-दूसरे पर जुबानी हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।