
नई दिल्ली: लॉकडाउन से अनलॉक 1.0 की प्रक्रिया के बीच दिल्ली में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में लागातार इजाफा होता दिखाई दे रहा है. सार्वजनिक स्थलों के साथ-साथ अब सरकारी दफ्तर के भी कोरोना की चपेट में आने से खतरा बढ़ गया है.
शनिवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जांच एजेंसी के दफ्तर में पांच से छह कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है. जिसके बाद खान मर्केट के लोक निर्माण भवन स्थित एजेंसी की बिल्डिंग को दफ्तर सहित सील कर दिया गया है. इन मामलों के बाद उन लोगों के बारे में जानकारी तलाशी जा रही है जो पिछले कुछ दिनों में इनके संपर्क में आए. बता दें कि हाल ही में केंद्रीय जांच ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) के कुछ अधिकारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे.
बताया जा रहा है कि प्रवर्तन निदेशालय में कोरोना संक्रमण तबलिगी जमात की जांच से जुड़ा हुआ है. दरअसल, विभाग के कई कर्मचारी तबलीगी जमात के मरकज मामले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रहे हैं. इसी सिलसिले में अधिकारियों का लगातार मरकज और ऑफिस आना जाना लगा रहता है. संभावना है कि ईडी के कर्मचारियों को मरकज से ही कोरोना फैला है.
बता दें कि पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 9887 नए मामले सामने आ चुके है इसी के साथ अब कारोंना संक्रमित लोगों की संख्या 2 लाख 36 हज़ार 657 हो गई है.