दिल्ली में चलती बाइक पर रोमांस करता दिखा कपल, ट्रैफिक नियमों की उड़ाई धज्जियां

किसी ने सच ही कहा है कि प्रेम का दायरा अनंत है। यह धर्म, जाति, पंथ और देशी भाषा से हटकर अपने में ही मजहब है और समय-समय पर इस प्रेम का नजीर भी सामने दिखता रहा है। प्रेम न किसी मर्यादा से बंधा है और न ही इस पर कोई कानून काम करता है। इसका तो सिर्फ अपना भाव है जो सिर्फ पानी की लहरों की तरह बहता जाता है।

कुछ ऐसा ही प्रेम का नजारा देखने को मिला राजधानी दिल्ली में। जहां एक कपल मोटरबाइक पर एक-दूसरे से चिपके नजर आए। अब इस कपल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राजौरी गार्डन और कीर्ति नगर के बीच एक कपल मोटरबाइक पर सवार होकर एक-दूसरे से चिपके नजर आए। दिलचस्प बात यह कि लड़का बाइक चला रहा था जबकि लड़की आगे टंकी पर बैठकर लड़के की बाहों में लिपटी नजर आई। युवा कपल की इस गतिविधि को देखकर लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

इस जोड़ी ने अपने प्रेम के आगे ट्रैफिक नियम की भी खूब धज्जियां उठाई है। बाइक सवार कपल में से किसी ने भी हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। एक- दूसरे को लिपटे कपल बाइक पर ‘किस’ भी करते दिखे। कपल का वीडियो शेयर करते हुए आईपीएस ऑफिसर एचजीएस धालीवाल ने कहा कि ट्रैफिक कानूनों के ऐसे उल्लंघनों से निपटने के लिए मोटर वाहन अधिनियम में नए बदलाव की आवश्यकता है।