कोर्ट में जब सुनवाई के लिए पहुंचे गाय और बछड़े, मजिस्ट्रेट ने ऐसे किया न्याय

राजस्थान के जोधपुर में एक केस की सुनवाई के दौरान गाय और बछड़ा पहुंच गए जिसे देखकर सभी हैरान रह गए। घटना शुक्रवार की है दरअसल जब एक शख्स ने इन गाय और बछड़े पर मालिकाना हक को लेकर कोर्ट में केस दायर किया था उसी की सुनवाई के लिए कोर्ट में ये सब आए हुए थे। जब गाय को कोर्टरुम के बाहर लाया गया तब मजिस्ट्रेट ने बाहर निकल कर शख्स को कहा कि वे इसे बाहर ही साइड में खड़ा रखें।

मजिस्ट्रेट ने देखा कि गायों का लगाव वहां आए दो शख्स की तरफ ज्यादा था जिसे देखकर साफ पता लगाया जा सकता था कि उन गायों पर मालिकाना हक किसका है। कोर्ट में दो व्यक्ति उन गायों पर अपना-अपना दावा पेश कर रहे थे इसी मामले पर कोर्ट में सुनवाई होनी थी कि इन गायों का असली मालिक कौन है। मजिस्ट्रेट ने कहा कि उन्होंने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है और वे आगे की सुनवाई 15 अप्रैल को करेंगे।

जानकारी के मुताबिक घटना ने अगस्त 2018 से तूल पकड़ा था, जब पहली बार इस मामले को लेकर शहर के मंदौर पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। ओम प्रकाश और एक शिक्षक श्याम सिंह ने इन गायों पर अपना मालिकाना हक का दावा किया था।
उस दौरान पुलिस ने अपने स्तर पर इस मामले को सुलझाने की कोशिश की थी लेकिन इसका कोई हल नहीं निकला।

जब थाने में मामले का कोई हल नहीं निकला तो यह मामला कोर्ट जा पहुंचा। शुरुआत में कोर्ट के द्वारा इस पर सुनवाई की याचिका को खारिज कर दिया गया। लेकिन इसके बाद सेशन कोर्ट में मामला पहुंच गया जिसने डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को इस पर सुनवाई करने का निर्देश दिया।

जिसके बाद मजिस्ट्रेट ने उन्हें अपनी गायों को कोर्ट में लाने का आदेश दिया। पहले तो मजिस्ट्रेट ने कई आसान उपायों के जरिए इस मसले को सुलझाने की कोशिश की लेकिन इसका कोई हल नहीं निकला। दोनों पक्ष गायों पर अपना-अपना दावा पेश कर रहे थे और वे दूसरे को देने के लिए तैयार नहीं थे।