नोटबंदी में नहीं हुआ नकली नोट लाने में वायुसेना के विमान का इस्तेमाल: रक्षा मंत्रालय

क्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कांग्रेस के सीनियर नेता कपिल सिब्बल के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि नवंबर 2016 में  भारतीय वायु सेना के विमान का उपयोग नकली नोट विदेश से लाकर 2000 रुपए के नए नोट में एक्सचेंज करने के लिए इस्तेमाल किया गया था। इससे पहले कपिल सिब्बल ने मंगलवार को वीडियो जारी किया जिसमें कुछ लोग कथित तौर यह दावा करते हुए नजर आ रहे हैं कि नोटबंदी के बाद बीजेपी के कुछ नेताओं की मदद से कमीशन की एवज में नोट बदले गए। सिब्बल ने यह दावा भी किया कि नोटबंदी के बाद 15 से लेकर 40% तक कमीशन की एवज में नोट बदले गए।

इस वीडियो में, राहुल श्रीरंग रीठारेकर नाम का एक व्यक्ति, जो खुद को कैबिनेट सचिवालय के लिए काम करने वाले फील्ड असिस्टेंट के रूप में बताता है, उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है कि 3 लाख करोड़ रुपए के मूल्य के नकली नोट विदेशों में छापे गए और भारतीय वायु सेना के विमान से हिंडन एयर बेस पर लाए गए।

सिब्बल ने जो वीडियो जारी किया कि इसकी प्रमाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है और फिलहाल बीजेपी की तरफ से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह पूछे जाने पर कि वह इस मामले में अदालत जाएंगे तो उन्होंने इससे इनकार किया।

कांग्रेस नेता ने नोटबंदी को सबसे बड़ा घोटाला करार देते हुए कहा, ‘पिछले 5 वर्षों में आपने देखा कि पानी की तरह पैसा बहता है। इसकी झलक इन वीडियो में दिखी है। अगर कोई बैंकर, सरकारी कर्मचारी, सरकार के लोग मिलकर 15 से 40% कमीशन कमाएं तो इससे बड़ा कोई अपराध नहीं है। यह राष्ट्रद्रोह है।’

सिब्बल ने कहा, ‘जांच एजेंसियां विपक्षी दलों के नेताओं की जांच करेंगी लेकिन इनके मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों की कोई जांच नहीं होगी। ऐसा लगता है कि ईडी, सीबीआई और एनआईए मोदी सरकार के कब्जे में है। अब लोकतंत्र बचाने का काम जनता है।’

इससे पहले कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों ने 26 मार्च को एक वीडियो जारी कर दावा किया कि नोटबंदी के बाद भी 40 फीसदी कमीशन के बदले नोट बदले गए और इस घोटाले के जरिए देश की आम जनता का पैसा लूटा गया जो देशद्रोह है। विपक्षी दलों के साझा मीडिया सम्मेलन में जो वीडियो जारी किया गया उसमें यह कथित तौर पर दिखाया गया है कि नोटबंदी के बाद अहमदाबाद के निकट बीजेपी के एक कार्यकर्ता ने पांच करोड़ रुपए मूल्य के चलन से बाहर हो चुके नोट बदले और इसके लिए 40% कमीशन लिया गया।