सपना चौधरी के गाने पर जमकर थिरकीं दिल्‍ली पुलिस की महिलाकर्मी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

हरियाणवी डांसर सपना चौधरी इन दिनों सुर्खियों में हैं। न केवल अपने डांसिंग अंदाज को लेकर वह खूब लोकप्रियता बटोर रही हैं, बल्कि लोकसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच उनके कभी कांग्रेस तो कभी बीजेपी से जुड़ने की बातें भी खूब सामने आ रही हैं, जिस पर कई बार उन्‍होंने सफाई भी दी। शादी-ब्‍याह हो या कोई अन्‍य कार्यक्रम उनके गाने और डांस हर जगह धूम मचा रहे हैं।

सपना चौधरी के प्रशंसकों में हर उम्र और हर वर्ग के लोग शुमार हैं। दिल्‍ली पुलिस भी इसका अपवाद नहीं है। दिल्‍ली की महिला पुलिसकर्मियों का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे सपना के गाने ‘तेरी आख्‍या का यो काजल’ पर डांस करती नजर आ रही हैं। यह वीडियो दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम का बताया जा रहा है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी जमकर डांस करती दिख रही हैं।

वीडियो में स्‍टेज पर पहले चार-पांच महिला पुलिसकर्मी ही डांस करती नजर आ रही हैं, जबकि कुछ अन्‍य बाद में पहुंचती हैं, सपना चौधरी के गाने पर जमकर थिरकती हैं। दिल्‍ली पुलिस महिला कर्मियों का यह डांसिंग वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

इस कार्यक्रम का अयोजन दिल्‍ली के कुतुब इंस्‍टीट्यूशनलज इलाके में 30 मार्च को किया गया था। ‘सुनो सहेली’ नाम के इस कार्यक्रम में आईपीएस अधिकारियों सहित 200 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों ने हिस्‍सा लिया था। इस दौरान आपसी विचार-विमर्श का एक सत्र भी रखा गया था, जिसमें महिला पुलिस अधिकारियों ने विभिन्‍न मसलों पर अपने विचार रखे और काम के दौरान के अनुभवों का जिक्र किया।