कुत्ते की वफादारी के किस्से तो आपने जरूर सुने होंगे लेकिन वफादारी निभाते हुए जान दे देने वाले कुत्तों के बारे में कम ही सुना होगा। यहां हम आपको कुछ ऐसे ही कुत्तों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने एक जहरीले कोबरा से ना सिर्फ अपने मालिक और उसके परिवार जी जान बचाई बल्कि इस चक्कर में अपनी जान भी दे दी। सांप से लड़ाई करने के दौरान इन चारों पालतू कुत्तों की मौत हो गई।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक घटना बिहार के भागलपुर के साहेबगंज की है। सोमवार रात एक कोबरा सांप वहां रहने वाले डॉक्टर पूनम के घर में घुसने की कोशिश कर रहा था उसी दौरान डॉक्टर के चार पालतू कुत्तों ने उस जहरीले सांप से लोहा लिया और उसे घर में घुसने से रोक लिया जिस चक्कर में उनकी जान चली गई।
चारों कुत्तों की एक साथ मौत से पूरा परिवार सदमे में है। घर वाले इस बात से भी भयभीत हैं कि कोबरा अगर घर के अंदर आ जाता तो कुछ भी हो सकता था लेकिन कुत्तों ने उनकी जान बचा ली। दरअसल सांप से लड़ाई के दौरान ये चारों कुत्ते बुरी तरह से जख्मी हो गए हालांकि अंत में इन्होंने सांप को मार ही दिया। इस पूरा घटना का वीडियो फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
जब तक सांप मर नहीं गया वे उससे लड़ते रहे। चारों कुत्ते एक-एक करके सांप से उलझते चले गए पहले दो कुत्तों की जान चली गई जिसके बाद दो अन्य कुत्ते उन्हें बचाने के लिए आए तो उन्होंने भी सांप के साथ लड़ाई के दौरान अपना दम तोड़ दिया। मृत कुत्तों को देखकर सभी की आंखें नम हो गई। गली मोहल्ले में कुत्तों की वफादारी की चर्चा होने लगी।