
नई दिल्ली: चुनाव आयोग द्वारा 25 फरवरी 2020 को 17 राज्यों की 55 राज्य सभा सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की गई थी। जिनमें से 10राज्य की 37 सीटों पर उम्मीदवार निर्विरोध जीते थे। जिसके बाद बाक़ी 18 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया 26 मार्च के लिए स्थगित कर दी गई थी। लेकिन देशभर में फ़ैल रही महामारी कोविड-19 की स्थिति को देखते हुए एक बार फिर इसे टाल दिया गया था।
लंबे लॉकडाउन के कार्यकाल के बाद अब अनलॉक1 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव आयोग ने 1 जून यानी सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिये तारीखों का ऐलान कर दिया है। दस राज्यों की कुल 24 राज्यसभा सीटों पर 19 जून को चुनाव होंगे । इस दौरान वोटिंग का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रखा गया है जिसके तुरंत बाद शाम 5 बजे से वोटों की गिनती की जाएगी। दरअसल, इनमें से 18 सीटें वो हैं, जिन पर लॉकडाउन के चलते मार्च में चुनाव नहीं हो सका था।
बता दें कि आयोग ने 18 पुरानी सीटों के साथ ही, जून-जुलाई में खाली होने वाली 6 नई सीटों पर चुनाव की घोषणा की है। जिन सीटों पर मार्च में चुनाव टल गया था, उनमें आंध्र प्रदेश की 4, गुजरात की 4, झारखंड की 2, मध्य प्रदेश की 3, राजस्थान की 3 और मणिपुर व मेघालय की 1-1 सीट शामिल हैं।
इसके साथ ही आयोग द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि मुख्य सचिव राज्य से एक वरिष्ठ अधिकारी को यह सुनिश्चित करने के लिए अप्पोइंट किया जायगा कि चुनाव की प्रक्रिया के वक्त कोविड-19 रोकथाम उपायों को लेकर जारी निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए।