1- एटीएम उखाड़कर ले गए लुटरों से पुलिस मुठभेड़, दो गिरफ्तार-
नोएडा थाना सेक्टर-24 पुलिस ने शनिवार तड़के एक मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास से पुलिस ने 25 हजार रुपये नगद, दो देशी तमंचे, कारतूस तथा एटीएम के कटे हुए तीन पार्ट और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि थाना सेक्टर 24 पुलिस शनिवार तड़के गश्त पर थी जब सेक्टर 33 के आरटीओ ऑफिस के पास कुछ संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने बदमाशों को रूकने के लिए कहा तो वे गोलियां चलाने लगे।
सिंह ने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में राजस्थान के अलवर के रहने वाले असलम उर्फ चिन्नू पुत्र ईदू खां को गोली लगी, उसका दूसरा साथी साबू भागने लगा लेकिन पुलिस ने पीछा करके उसे भी गिरफ्तार कर लिया। साबू पुत्र मौज अल्लाह भी अलवर का रहने वाला है।
उन्होंने बताया कि बदमाशों के तीन साथी फरार हैं। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि 13 अगस्त को ये बदमाश थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के गिझौड़ गांव के पास से एक एटीएम उखाड़ कर ले गए थे। उक्त एटीएम मशीन में चार लाख से ज्यादा की नकदी थी।
2- बदमाशों की मारपीट में घायल छात्र की दो दिन बाद इलाज के दौरान मौत
नोएडा थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में सेक्टर 62 के पास गत दो सितंबर की रात को अज्ञात बदमाशों द्वारा मारपीट और लूटपाट के दौरान घायल बी-टेक के एक छात्र की उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात को मौत हो गई।
पुलिस ने इस घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाने के लिए चार टीमें बनाई हैं, वहीं छात्र के पिता गुलशन कालरा ने हत्यारों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दिलवाने की मांग की है। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राजेश एस ने बताया कि दो सितंबर की रात को सेक्टर 62 की स्टेलर पार्क नामक सोसाइटी में रहने वाला बी-टेक का छात्र अक्षय कालरा अपनी क्रेटा कार से घर से बाहर सामान लेने के लिए निकला था।
अधिकारी ने बताया कि सोसाइटी के पास ही हथियारबंद अज्ञात बदमाशों ने अक्षय को रोककर उसके साथ मारपीट की और क्रेटा कार लूट ली। वहां से गश्त करते हुए निकल रहे पुलिसकर्मियों ने सड़क पर बेहोश पड़े अक्षय को गंभीर हालत में नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया।
डीएसपी के अनुसार अक्षय के पास से मिले फोन की मदद से उनके परिजनों से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उपायुक्त ने बताया कि गंभीर रूप से घायल छात्र अक्षय कालरा की उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात को अस्पताल में मौत हो गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के खुलासे के लिए सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश वर्मा के नेतृत्व में 4 टीमें बनाई गई हैं। अधिकारी ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास स्थित सोसाइटियों तथा वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से बदमाशों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
अक्षय के पिता गुलशन कालरा ने मांग की कि उनके बेटे के साथ लूटपाट व उसकी हत्या करने वाले बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने दोषियों को कठोर सजा दिलाये जाने की भी मांग की। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
3- दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गोल चक्कर पर शनिवार की सुबह हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। अपर पुलिस उपायुक्त विशाल पांडे ने बताया कि थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गोल चक्कर के पास आज सुबह एक अज्ञात वाहन चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक अज्ञात युवक को टक्कर मार दी। इस घटना में युवक की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि युवक की शिनाख्त की जा रही है।
4- दहेज हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा थाना सूरजपुर पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। सहायक पुलिस आयुक्त प्रीतम पाल सिंह ने बताया कि थाना सूरजपुर क्षेत्र में रहने वाली सरिता की दो सितम्बर को संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई थी।
उन्होंने बताया कि इस मामले में महिला के परिजनों ने उसके पति सचिन सहित पांच लोगों खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया था। एसीपी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को सचिन को गिरफ्तार कर लिया है।
5- नोएडा पुलिस ने दो लुटेरों को गिरफ्तार किया
नोएडा थाना फेस-2 पुलिस ने शनिवार को दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया जिनके पास से अवैध हथियार बरामद किये गये हैं। थाना फेस-2 के प्रभारी निरीक्षक फरमूद अली पुंढीर ने बताया कि शनिवार को एक सूचना के आधार पर पुलिस ने रवि कुमार पुत्र महेश तथा शादाब पुत्र एहसान को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनके पास से दो चाकू बरामद किये हैं। उन्होंने कहा कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने लूटपाट की कई वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। ये बदमाश इससे पहले भी लूटपाट के कई मामलों में जेल जा चुके हैं।