उप चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, यह दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल

भोपाल। मध्य प्रदेश में उप चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP)को एक बड़ा झटका लगा है। यहां सम्मान न मिलने से भाजपा से लंबे समय से नाराज चल रहे पूर्व मंत्री बालेंदु शुक्ला ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देने के बाद वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। बालेंदु शुक्ला पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

बालेंदु शुक्ला बड़े महाराज यानि ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया के करीबी दोस्त माने जाते हैं। उनका सिंधिया परिवार के साथ पारिवारिक रिश्ता रहा है। लेकिन माधवराव सिंधिया के निधन के बाद उनका महल से रिश्ता धीरे-धीरे खत्म हो गया और फिर एक दिन उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस छोड़ दी थी।

वहीं हाल ही में ज्योतिरादित्य के भाजपा में शामिल होने के बाद शुक्ला के लिए मुश्किलें बढ़ रही थीं। पार्टी में वह पहले से ही हाशिये पर चल रहे थे तो उन्होंने कांग्रेस में घर वापसी का फैसला किया। वहीं मीडिया रिपोर्ट की माने तो वह इस उप चुनाव में ग्वालियर पूर्व विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं।