सड़कों पर फर्राटा भरती गाड़ियों के पहियों पर अचानक ब्रेक लग गया। गाड़ियों में बैठे लोगों की सांस एक पल के लिए थम गई, देखने वालों का हुजूम सा लग गया। गाड़ियों के दबाव से सड़कों को भी थोड़ा सुकून सा मिल गया। कुछ समय के लिए मानों दुनिया थम गई, हर कोई डर में था और जिसकी झलक उन लोगों के चेहरे पर देखी जा सकती थी। डर का वजह बना एक विशाल एनाकोंडा सांप। इस विशाल एनाकोंडा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक यह विशाल एनाकोंडा ब्राजिल के शहर पोर्टो वेलहो की सड़कों पर देखा गया है। इस एनाकोंडा की लंबाई 3 मीटर और जबकि इसका वजन 30 किलोग्राम बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक इस बड़े सांप का वीडियो इटालो नेस्सिमेंटो फर्नांडीस ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि अचानक सड़क पर एक विशाल एनाकोंडा आ जाता है। इसके बाद यह धीरे-धीरे सड़क को पार कर रहा है। इस सांप पर अचानक से एक राहगीर की नजर पड़ती है। इसके बाद वह अन्य राहगीरों और गाड़ियों को रोकने की कोशिश करता है। इसके बाद सभी गाड़ियां सड़कों पर थम जाती हैं। लोग अपनी गाडी की खिड़कियों से उस एनाकोंडा की गतिविधियों को निहारने लगते हैं, जबकि कुछ लोग गाड़ी से बाहर आ जाते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, बायोलॉजिस्ट फ्लावियो टेरासिनी ने जी 1 ग्लोबो को बताया कि सांप कुछ खाने की तलाश में सड़क पर भटक गया था। टेरासिनी ने कहा, ‘ये सांप भोजन की खोज में शहरी क्षेत्र में दिखाई दे सकते हैं, जो छोटे कृंतक हैं, और शहर में वे कुत्तों और यहां तक कि बिल्लियों को भी खा सकते हैं, इसलिए सावधानी बरतें कि यार्ड में कचरा न छोड़ें क्योंकि ये जानवर को सूंघते हुए घरों के करीब भी आ सकते हैं, खासकर बारिश के मौसम में।