बेड के नीचे जब देखा विशालकाय मगरमच्छ, आधी रात को किसान के उड़ गए होश

वड़ोदरा के किसान ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उसके घर पर और अपने ही बेड के नीचे एक विशाल मगरमच्छ होगा। 30 वर्षीय किसान के लिए ये वाक्या किसी एक बुरे सपने से कम नहीं था। आधी रात को उसकी आंखे फटी की फटी रह गई जब उसने अपने बेड के नीचे दो चमकीली भयंकर आंखें देखी जो उसकी तरफ झांक रहा था। जिस बेड पर वह सो रहा था उसके नीचे ही एक मगरमच्छ आराम कर रहा था।

मगरमच्छ आणंद जिले के सोजितरा तालुका स्थित मालातज झील से 500 मीटर दूर से चलकर किसान के घर तक आ गया था।
हर रोज की तरह बाबूभाई परमार अपनी गायों को तबेले में बांधकर अपने कमरे में अपनी खटिया पर मच्छरदानी लगाकर सो रहा था। लेकिन आधी रात को डेढ़ बजे वह कुत्तों के भौंकने की आवाज से वह चौंक कर उठ गया और जो उसने देखा उसके होश फाख्ता हो गए।

किसी तरह वह कमरे से बाहर निकला और अपने पड़ोसियों से मदद की गुहार लगाई। वह आठ फीट लंबी मादा प्रेग्नेंट मगरमच्छ थी। मौके पक पहुंचे फोरेस्ट डिपार्टमेंट के अधिकारी ने कहा कि ये नेस्टिंग का सीजन है और मादा मगरमच्छ अंडे देने के लिए किसी सुरक्षित स्थान तक आई थी।

प्रेग्नेंट होने की वजह से उसके साथ बड़ीही सावधानी से पेश आना था। उन्होंने बताया कि 15 से 20 मिनट के अंदर फॉरेस्ट टीम ने मगरमच्छ का रेस्क्यू कर लिया। मालातज झील आणंद जिले से 20 किमी दूरी पर स्थित है। उन्होंने बताया कि इस झील के अंदर तकरीबन 100 से 150 मगरमच्छ हैं।