गुजरात के माहिसागर जिले से एक हैरान करने वाला वाकया सामने आया है। यूं तो सांप देखकर अच्छे-अच्छों के होश उड़ जाते हैं, पर यहां एक गांव में खेत में काम कर रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को जब सांप ने काट लिया तो घटना से डरने की बजाय उन्होंने भी सांप पर हमला किया और उसे काट लिया। इसके बाद उन्हें कई अस्पतालों में ले जाय गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
‘TOI’ के अनुसार, पीड़ित शख्स का नाम जी. बैरिया है। उनकी उम्र 70 साल के आसपास रही होगी। वह शनिवार को अपनी खेत में काम कर रहे थे, जब सांप ने उन्हें काट लिया था। इसके बाद डरने की बजाय वह गुस्से से भर गए और सांप को भी पकड़कर काट लिया। बाद में उनकी बहू ने मीडियाकर्मियों को घटना की जानकारी दी और बताया कि एक रिश्तेदार ने दूर से इस घटना को देखा।
सांप के काटने से उस शख्स के भीतर जहर फैल गया था। उसे उपचार के लिए लुनावाडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे निजी अस्पताल भेज दिया गया। लेकिन उसे कहीं भी इलाज नहीं मिल सका और चार घंटे के बाद उसकी जान चली गई। इस घटना में सांप भी मर गया जिसे बुजुर्ग के रिश्तेदार ने जला दिया। इस घटना से कई लोग हैरान हैं।