फॉर्म में चल रहे चेन्नई सुपरकिंग्स के अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह रविवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे। हरभजन इस समय गर्दन की चोट से उबर रहे हैं और उन्हें कुछ पारिवारिक कार्यक्रम में भी शामिल होना है। 38 वर्षीय हरभजन ने मौजूदा आईपीएल में शानदार प्रदर्शन किया और चार मैचों में सात विकेट चटकाए हैं। इस दौरान उन्हें दो बार मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
हरभजन ने शनिवार को पीटीआई से बातचीत में कहा, ‘मैं जयपुर में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच खेलने वाला था, लेकिन मैच के दिन सुबह मुझे गर्दन में काफी दर्द महसूस हुआ, जिसके बाद मुझे अपना नाम वापस लेना पड़ा।’ भज्जी अभी गर्दन के दर्द से उबर रहे हैं, लेकिन इसी दौरान उनकी पत्नी और बेटी भी बीमार हो गए हैं, जिसके बाद ऑफ स्पिनर ने कोलकाता की यात्रा रद्द करने का फैसला किया। उन्होंने कहा, ‘मेरी पत्नी और बेटी दोनों बीमार हैं। मैं मुंबई में अपने परिवार का ख्याल रखने के लिए रूका हूं। एक बार वह ठीक हो जाएं तो फिर मैं दोबारा टीम के साथ जुड जाऊंगा।’
अगर सबकुछ ठीक रहा तो हो सकता है कि हरभजन सिंह 17 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद 21 अप्रैल को चेन्नई का मुकाबला आरसीबी से होगा। बता दें कि एमएस धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपरकिंग्स ने मौजूदा आईपीएल में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। सीएसके ने 7 में से 6 मैच जीते हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है। चेन्नई की टीम को प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए दो जीत की दरकार है और उम्मीद है कि अगले दो मैचों में वो ऐसा करने में सफल होगा।