हुवावे ने इस हफ्ते अपनी फ्लैगशिप सीरीज पी30 लॉन्च कर दी है। लेकिन कंपनी ने हुवावे पी30 लाइट (Huawei P30 Lite) स्मार्टफोन को इस सीरीज में लॉन्च नहीं किया। यानी ये स्मार्टफोन पी30 सीरीज का हिस्सा नहीं है। नया पी30 लाइट स्मार्टफोन कनाडा में प्री ऑर्डर के लिए उपलब्ध है। फिलीपींस में भी विभिन्न ई कॉर्मस वेबसाइट्स पर ये स्मार्टफोन सेल के लिए उपलब्ध है।
हुवावे का नया स्मार्टफोन पी30 और पी30 प्रो की तरह ही ट्रिपल कैमरा सेटअप के साथ आता है। इस स्मार्टफोन में HiSilicon Kirin 710 प्रोसेसर दिया गया है। इस फोन में वाटर ड्रॉप नॉच डिस्प्ले दिया गया है। हालांकि ये स्मार्टफोन भारत में कब तक दस्तक देगा, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। आइए जानते हैं इस स्मार्टफोन के फीचर्स और कीमत के बारे में।
Huawei P30 Lite की कीमत
हुवावे पी30 लाइट स्मार्टफोन की कीमत फिलीपींस में 16,990 फिलीपींस पेसो (लगभग 22,200 रुपए) है। ये स्मार्टफोन मिडनाइट ब्लैक, पीकॉक ब्लू और पर्ल व्हाइट कलर वेरिएंट में आता है। ये समार्टफोन प्री ऑर्डर के लिए फिलीपींस में उपलब्ध है। वहीं कनाडा में ये स्माार्टफोन 430 सीएडी से 470 सीएडी (लगभग 25,500 रुपए) में उपलब्ध है। कनाडा में ये स्मार्टफोन 4 जीबी रैम 128 जीबी स्टोरेज वेरिएंट में मिलता है, जबकि फिलीपींस में ये फोन 6जीबी रैम और 128 जीबी स्टोरेज के साथ मिलेगा।
Huawei P30 Lite फीचर
हुवावे पी30 लाइट स्मार्टफोन एंड्रॉयड पाई 9.0 पर आधारित ईएमयूआई 9.0.1 ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है। स्मार्टफोन 6.15 इंच के फुल एचडी प्लस आईपीएस डिस्प्ले के साथ आता है, जो वाटर ड्रॉप नॉच डिजाइन है। डिवाइस HiSilicon Kirin 710 प्रोसेसर पर काम करता है, जो 4जीबी और 6 जीबी रैम विकल्प के साथ आता है।
हुवावे पी30 लाइट स्मार्टफोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें एक 24 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर है। इसके साथ एक 8 मेगापिक्सल का वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल का टेरटैरी सेंसर दिया गया है। फ्रंट में कंपनी ने 32 मेगापिक्सल का सेंसर दिया है। हुवावे पी30 लाइट के स्टोरेज को 256 जीबी तक माइक्रो एसडी कार्ड की मदद से बढ़ाया जा सकता है। फोन में 3,340 एमएएच की बैटरी दी गई है। स्मार्टफोन में आपको रियर फिंगरप्रिंट सेंसर मिलता है। इसके अतिरिक्त 4जी वोएलटीई, वाईफाई, ब्लूटूथ, जीपीएस, माइक्रो यूएसबी पोर्ट और 3.5 एमएम का जैक दिया गया है।