उत्‍तरी सिक्किम बॉर्डर पर भारत और चीनी सैनिकों के बीच टकराव, कई जवान घायल

नई दिल्‍ली। उत्‍तरी सिक्किम बॉर्डर पर भारत और चीनी सैनिकों के बीच टकराव की खबरें सामने आई हैं। भारतीय सेना के सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है। भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि उत्तरी सिक्किम इलाके में भारत और चीन के सैनिकों में टकराव हुआ। इसमें दोनों ओर से भारी तनाव और बहसबाजी हुई।

इस घटना में दोनों तरफ के सैनिकों को मामूली चोटें भी आने की खबर है। इस झगड़े को स्थानीय स्तर के हस्तक्षेप और बातचीत के बाद सुलझा लिया गया। हालांकि, भारतीय सेना ने अभी तक आधिकारिक रूप से इस बारे में कुछ नहीं कहा है। सेना के सूत्रों ने बताया कि सीमा विवाद के चलते भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच यह टकराव हुआ है। जब कभी ऐसा कोई विवाद होता है तो तय प्रोटोकॉल के मुताबिक दोनों सेनाएं इसे सुलझा लेती हैं।