इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें एडिशन की धूम देश में देखते बन रही है। टूर्नामेंट को 15 दिन बीत गए हैं और स्पष्ट दिख रहा है कि फैंस के बीच आईपीएल का क्रेज जबर्दस्त है। सोशल मीडिया हो या फिर रेस्टोरेंट कैफे, ऑफिस हो या बाजार, ऐसी कम ही जगह है जहां आईपीएल का विज्ञापन, होर्डिंग या फिर कोई अपडेट नहीं लगी मिले।
हैदराबाद के टैक्सी ड्राइवर ने आईपीएल फैंस को स्कोर से अपडेट रखने के लिए अनोखा तरीका इजाद किया है। ड्राइवर ने अपनी टैक्सी के ऊपर आईपीएल का स्कोरबोर्ड स्थापित किया है, जिसमें शनिवार को चेन्नई सुपरकिंग्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच मुकाबले का स्केरकार्ड अपडेट हो रहा था। ऐसी जानकारी मिली है कि इस टैक्सी ड्राइवर ने रूफटॉप पर लाइव स्कोर की अच्छी व्यवस्था तैयार की है, जिससे क्रिकेट फैंस आईपीएल के लाइव स्कोर से अपडेट रह सकते हैं। टैक्सी की यह फोटो रेडिट ने पहली बार शेयर की। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह फोटो वायरल हो चुकी है।
कार का नाम टाटा इंडिका है। क्रिकेट फैंस को स्कोर से अपडेट रखने के लिए यह तरीका वाकई काबिल-ए-तारीफ है।
बहरहाल बता दें कि आईपीएल-12 में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। दिन का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। विराट कोहली के नेतृत्व वाली आरसीबी को टूर्नामेंट में लगातार छठी शिकस्त सहनी पड़ी और अब उसके प्लेऑफ में क्वालिफाई करने की उम्मीदें कम होती जा रही है।
वहीं दिन का दूसरा मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच खेला गया। केकेआर ने रॉयल्स को सात विकेट से मात दी और अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया।
अब सोमवार को किंग्स इलेवन पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा। पंजाब का लीग में अबतक का सफर मिला जुला रहा है। उसने पांच मैचों में से तीन जीते हैं जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। हैदराबाद ने भी पिछले पांच मैचों में से तीन जीते हैं, जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है।
