जेट एयरवेज के सिर्फ 20 विमान उड़ रहे हैं, कभी थे 119 विमान

वित्तीय संकट से जूझ रही जेट एयरवेज के विमानों के परिचालन से बाहर होने का सिलसिला जारी है। कंपनी ने मंगलवार को बताया कि विमान पट्टे का किराया नहीं चुका पाने के चलते उसे 15 और विमान खड़े करने पड़े हैं। जेट एयरवेज की वेबसाइट के मुताबिक, उसके बेड़े में 119 विमान हैं।

अब कंपनी के बेड़े के सिर्फ 20 विमान ही नियमित परिचालन में इस्तेमाल किए जा रहे हैं। विमानन कंपनी ने किराया चुकाने में चूक करने के चलते मार्च अंत तक कुल 54 विमानों को परिचालन से हटा दिया था। जेट एयरवेज का शेयर 2.25 फीसदी की गिरावट के साथ 258.8 रुपए पर ट्रेड कर रहा है।

जेट एयरवेज ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा, ‘विमानों को पट्टे पर देने वाली कंपनियों का बकाया नहीं चुका पाने के चलते 15 और विमानों को खड़ा कर दिया गया है।’ पिछले सप्ताह कंपनी ने सरकार को बताया था कि उसके 35 विमान परिचालन में हैं।

उल्लेखनीय है कि जेट एयरवेज के निदेशक मंडल ने 25 मार्च को भारतीय स्टेट बैंक की अगुवाई में तैयार ऋणदाताओं की समाधान योजना को मंजूरी दी थी। इस योजना के तहत , ऋणदाता कंपनी का नियंत्रण अपने हाथों में लेने और उसमें 1,500 करोड़ रुपए की पूंजी डालने का फैसला किया था। दूसरी तरफ पायलट और कर्मचारी अपनी सैलरी के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।