लखनऊ,03 सितंबर
राजधानी लखनऊ के पत्रकारों में गुरूवार को पूरा माहौल ग़मगीन रहा। पिछले कुछ दिनों में अपने कई साथियों को खोकर हर किसी की आंखे गीली दिखीं। अपने साथ काम करने वाले पत्रकार साथियों के चित्र पर चढ़ी माला देखकर सभी का गला भर आया। बावजूद इसके दिवंगत साथियों के बारे में पत्रकारों को यह विश्वास करना मुश्किल हो रहा था कि वे अब हमारे बीच नहीं रहे।
पत्रकारों के संगठन ‘उत्तर परदेश वर्किंग जर्नलिस्ट युनियन’ की स्थानीय इकाई ‘लखनऊ वर्किंग जर्नलिस्ट युनियन’ द्वारा गुरूवार को राजधानी लखनऊ स्थित अपने युनियन भवन (यूपी प्रेस क्लब) में विगत दिनों दिवंगत हुए चार साथियों की श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था। कोरोना काल के दौरान काल कवलित हुए यह चार साथी अलग-अलग संस्थानों में कार्यरत थे। मात्र 30 वर्ष की आयु में कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले नीलांशु शुक्ला आजतक न्यूज़ चैनल में, युवा कैमरामैन रज्जन लाल जीटीवी में और ऊर्जावान वरिष्ठ पत्रकार अमृत मोहन पीटीआई-भाषा न्यूज़ एजेंसी में काम कर रहे थे।