.जब मंदिर में लड़की ने गृह मंत्री से कहा- ‘लाइन में लगो’, ऐसा था मंत्री का रिएक्शन

मंदिर में दर्शन करने पहुंचे कर्नाटक के गृह मंत्री एमबी पाटिल को उस समय अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा, जब एक लड़की ने उन्हें लाइन में लगने को कहा। एमबी पाटिल विजयपुरा स्थित शिव मंदिर में दर्शन करने गए थे। चूंकि पाटिल को फ्लाइट पकड़नी थी, इसलिए उन्हें सीधे दर्शन के लिए वीवीआईपी एक्सेस दिया गया और ले जाया गया।

इसी दौरान लगभग एक घंटे से दर्शन के लिए लाइन में खड़ी लड़की ने गृह मंत्री से कहा, ‘हम लगभग एक घंटे से खड़े हैं। आपको कतार में आना चाहिए। आप मंत्री हो सकते हैं लेकिन आपको हम सभी की तरह कतार में खड़ा होना होगा। आप स्पेशल ट्रीटमेंट की अपेक्षा नहीं कर सकते।’

हालांकि अच्छी बात ये रही कि पाटिल ने उस लड़की को समझाने की कोशिश की कि वह क्यों जल्दी में थे और उन्होंने उससे माफी भी मांगी। मंत्री ने अपने बचाव में कहा, ‘मैं भी सामान्य जीवन जीना चाहता हूं। इसलिए, मैंने तय किया कि मेरे लिए कोई जीरो ट्रैफिक नहीं हो। चूंकि मुझे फ्लाइट पकड़नी थी। मैं जल्दी में था।’

पाटिल महाशिवरात्रि के अवसर पर 770 अमरगनादिशारा मंदिर गए थे। सैकड़ों लोग चिलचिलाती धूप में कतार में खड़े थे, तभी मंत्री वहां पहुंचे और मंदिर में घुस गए। मंदिर के अधिकारियों ने पाटिल और उनके साथ आने वालों को बिना किसी परेशानी के प्रार्थना करने की व्यवस्था की।

मंत्री को मिले इसी वीवीआई ट्रीटमेंट ने उस लड़की को परेशान कर दिया जो कतार में थी। उसने मंत्री से ‘विशेष दर्शन’ की अनुमति लेने पर आपत्ति जताई। इस पर पाटिल ने उससे माफी मांगी और अपनी मजबूरी बताई। उन्होंने लड़की से कहा, ‘उन्हें कुछ महत्वपूर्ण आधिकारिक बैठकों में शामिल होना है और उन्हें हुबली हवाई अड्डे से फ्लाइट भी पकड़नी है।’ पाटिल ने कहा, ‘मुझे दिन में दो आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेना है। मैं उन्हें छोड़ नहीं सकता। यही कारण है कि मुझे जल्दी दर्शन करना पड़ा।’

पाटिल के स्पष्टीकरण से सहमत होकर लड़की ने उनके अच्छे कामों के लिए उनकी प्रशंसा की। फिर पाटिल ने उसके साथ कुछ तस्वीरें खिंचवाईं।