मर्यादा की सीमा लांघ गए आरएलडी चीफ अजीत सिंह, पीएम मोदी पर की विवादित टिप्पणी

आम चुनाव 2019 के रण में राजनीतिक दलों के नेताओं मर्यादाओं की सीमा लांघते हुए नजर आ रहे हैं। अपने समर्थकों को एक जुट रखने के लिए शायद उन्हें ये हथकंडा सबसे मुफीद नजर आ रहा है। यहां पर हम आप को बताएंगे कि किस नेता के मुंह से क्या कुछ निकल रहा है। इन सबके बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल के वायनाड से पर्चा भरेंगे और इसके साथ ही रोड शो भी करेंगे।

अजीत सिंह की पीएम पर विवादित टिप्पणी
आरएलडी के अध्यक्ष अजीत सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान दिया है। अजीत सिंह कहते हैं पीएम मोदी झूठ कहां बोलते हैं, वो झूठ नहीं बोलते हैं, बस इन्होंने आज तक सच नहीं बोला हैं। बच्चों से कहते हैं कि सच बोला करें। लेकिन इनके माता पिता ने सच बोलना नहीं सिखाया। पीएम मोदी खुद को महिलाओं का पक्षधर बताते हैं, तीन तलाक, तीन सलाक की बात कहते हैं, अपनी पत्नी को एक बार भी तीन तलाक नहीं बोला और ऐसे ही छोड़ दिया।

वायनाड से नामांकन करेंगे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी

उत्तर प्रदेश में अपनी परंपरागत अमेठी सीट के अलावा केरल में वायनाड संसदीय क्षेत्र से भी चुनाव लड़ रहे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नितला ने यह जानकारी दी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक ने बताया कि नामांकन के दौरान गांधी के साथ उनकी बहन और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद रहेंगी।

जेडीएस के कद्दावर नेता एच डी देवगौड़ा ने कहा कि वायनाड से राहुल गांधी के चुनाव लड़ने पर दक्षिण भारत में यूपीए को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग दो जगहों से चुनाव लड़ने पर निशाना साध रहे हैं। उन्हें यह देखना जरूरी है कि क्या वो दो जगहों से चुनाव नहीं लड़े थे। देवगौड़ा ने कहा कि सिर्फ निजी स्वार्थ के लिए राहुल गांधी पर आरोप लगाए जा रहे हैं।

स्मृति ईरानी के निशाने पर राहुल गांधी

अमेठी से बीजेपी प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने कहा कि यहां के लोगों को पिछले 15 वर्षों में छला गया है। यहां के सांसद दो जगहों से चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसे में ये देखना जरूरी है कि क्या वो यहां के लोगों के लिए काम करेंगे। सच तो ये है कि जिस तरह से अमेठी को अनाथ रखा गया। इस इलाके के विकास को नजरंदाज किया गया उसे पटरी पर लाने के लिए उनकी तरफ से पुरजोर कोशिश की जा रही है।