महाराष्ट्र के औरंगाबाद में बड़ा ट्रेन हादसा, 16 मजदूरों की मौत

 

 

औरंगाबाद। देशभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। इसी बीच महाराष्ट्र के औरंगाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है यहां घर लौटने की आस में रेल की पटरी पर 16 मजदूरों की टूट गई सांस। ये मजदूर कुछ वक्त के लिए चैन की नींद सोये थे लेकिन उन्हें क्या पता था कि मौत उन्हें जगा देगी।

ये मंज़र दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ डिवीजन के जालना और औरंगाबाद के बीच रेलवे ट्रैक का है। जहां 16 प्रवासी मजदूरों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि 3 लोग इस हादसे से सुरक्षित बच गए हैं जो पटरी के पास में बैठे हुए थे। सभी मजदूर मध्य प्रदेश जा रहे थे। हादसा औरंगाबाद के पास करमाड स्टेशन के पास हुआ। घटना उस वक्त हुई, जब मजदूर रेलवे ट्रैक पर सो रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ने भी घटना पर दुख जताया है।

इस हादसे पर रेलवे ने बयान जारी कहा कि ट्रैक पर कुछ मजदूरों को देखकर लोको पायलट ने ट्रेन रोकने की कोशिश की लेकिन तब तक मजदूर उसकी चपेट में आ चुके थे। घटना बदनारपुर और करमाड स्टेशन के बीच परभानी-मनमाड़ सेक्शन की है। घायलों को औरंगाबाद सिविल अस्पताल ले जाया गया है। जांच के आदेश दिए गए हैं।

वहीं रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आज सुबह 5:22 पर नांदेड़ डिवीजन के बदनापुर व करमाड स्टेशन के बीच सोये हुए श्रमिकों के मालगाड़ी के नीचे आने का दुखद समाचार मिला। राहत कार्य जारी है, और इंक्वायरी के आदेश दिए गए हैं। दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।

औरंगाबाद SP मोक्षदा पाटिल ने बताया कि ये लोग जालना से निकले थे और भूसावल जाना चाहते थे, जहां से वो ट्रेन पकड़ना चाहते थे। ये पैदल जा रहे थे, पटरी पर वो आराम करने के लिए लेटे ​थे, उनको नींद आ गई और ये हादसा हो गया। मजदूर जालना की एक स्टील फैक्ट्री में काम करते थे।

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने इस हादसे पर शोक जताते हुए रेल मंत्री पीयूष गोयल से त्वरित जाँच और उचित व्यवस्था की मांग की है। इसके अलावा प्रदेश सरकार की तरफ़ से हर एक मृतक श्रमिक के परिजनों को पाँच लाख रुपए और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जाने की भी घोषणा की है। शिवराज ने कहा कि मैं विशेष विमान से उच्च अधिकारियों की एक टीम भेज रहा हूँ, जो वहाँ पर मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था करेगी और घायलों को हर सम्भव मदद करेगी।

महाराष्ट्र सरकार ने भी करमाड (औरंगाबाद) ट्रेन हादसे में मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।