
कोलकाता: बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से अनुरोध करते हुए कहां कि वह कोविड-19 के कारण पैदा हुए संकट से बचने के लिए प्रवासी मजदूरों को 10-10 हजार रुपए दे। ममता ने ट्वीट कर लिखा कि असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे लोगों को वित्तीय सहायता मुहैया कराई जानी चाहिए, ताकि वे लॉकडाउन के कारण पैदा हुए आर्थिक संकट का सामना कर सकें।
उन्होंने सलाह दी कि ‘आपात स्थितियों के लिए प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष’ (पीएम केयर्स) का एक हिस्सा इस कार्य के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए।’
ममता ने ट्वीट कर लिखा, ”मौजूदा वैश्विक महामारी के कारण लोग जिन आर्थिक संकटों से गुजर रहे हैं, उसकी कल्पना हम और आप नहीं कर सकते। मैं केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि वह असंगठित क्षेत्र में काम कर रहे लोगों समेत प्रवासी श्रमिकों को 10-10 हजार रुपए एक बार में प्रदान करे। इसके लिए पीएम-केयर्स के एक हिस्से का इस्तेमाल किया जा सकता है।”