गगनचुंबी इमारत की छत पर चढ़ कर ले रहा था सेल्फी, गंवानी पड़ी जान, मुंबई पुलिस ने वीडियो पोस्ट कर दिया ये संदेश

मुंबई पुलिस अपने खास तरह के ट्वीट के साथ लोगों के बीच जागरुकता फैलाने के लिए काफी फेमस हैं। अब एक बार फिर से मुंबई पुलिस ने एक ऐसा ट्वीट किया है जिसे देख हर कोई हैरान रह जाएगा। इस ट्वीट के पीछे उनका मकसद भी लोगों के बीच जागरुकता फैलाना ही है। अपनी जिंदगी को बेवजह खतरे में नहीं डालना चाहिए। आज के जमाने में मौत का एक बड़ा कारण खतरनाक सेल्फी लेना बन गया है।

मुंबई पुलिस का ये ट्वीट भी कुछ इसी से संबंधित है। उन्होंने एक वीडियो अपने ट्विटर पर शेयर किया है जिसमें एक युवक को गगनचुंबी इमारत की सबसे ऊपर की छत की आगे की दीवार पर खड़ा हुआ देखा जा सकता है। दीवार पर खड़े होकर वह सेल्फी ले रहा होता है इसी दौरान वह अपना संतुलन खो देता है और फिर इतनी ऊंचाई से नीचे गिर कर अपनी जान से हाथ धो बैठता है।

हालांकि मुंबई पुलिस के द्वारा इस वीडियो के बारे में अन्य जानकारी नहीं दी गई है। यह वीडियो हिला कर रख देने वाला है। बेहद खतरनाक ये वीडियो कमजोर दिल वाले नहीं देख सकते हैं। इस वीडियो को शेयर करने के पीछे मकसद आम लोगों को इस तरह की एडवेंचरस चीजों से दूर रहने के लिए जागरुक करना है।

https://twitter.com/MumbaiPolice/status/1123808450365022208

रिपोर्ट की मानें तो साल 2011 से लेकर अब तक 120 लोग खतरनाक सेल्फी लेने के कारण मौत के मुंह में समा गए हैं। दुनियाभर में इस तरह की मौतों का सबसे ज्यादा आंकड़ा भारत का है। परफेक्ट और अलग सेल्फी लेने के लिए लोग अलग-अलग तरह के खतरे मोल ले लेते हैं।

कोई चलती ट्रेन के आगे आकर सेल्फी लेने लगता है तो कोई समुद्र के किनारे जाकर सेल्फी लेता है, कोई चलती कार के सामने सेल्फी लेता है। इन सभी मामलों में लोगों के मौत की खबर सामने आई है। हाल ही में जमशेदपुर में 27 वर्षीय एक शख्स खड़ी मालगाड़ी के पास सेल्फी लेने के चक्कर में हाई वोल्टेज तार की चपेट में आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।