नशे में चूर एक मनचले शख्स ने नोएडा सेक्टर 127 में बख्तारपुर गांव के पास एक लड़की को अगवा करने की कोशिश की। एमिटी यूनिवर्सिटी की छात्रा एक होटल के सामने गाड़ी में अकेली बैठी हुई थी और तभी शख्स ने उसके अपहरण का प्रयास किया। पुलिस के शख्स को दबोचने के बाद जब उससे अपहरण की वजह पूछी गई तो शख्स ने कहा कि लड़की उसे पसंद आ गई थी इसलिए उसे अगवा करने का प्रयास किया।
नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक लड़की अपने दोस्तों के साथ होटल के पास पहुंची थी और उसके साथी खाने का सामान लेने के लिए गए थे। ऐसे में मौका पाकर शख्स ने लड़की को गिरफ्तार करने की कोशिश की। पुलिस ने करीब 3 किलोमीटर तक आरोपी का पीछा किया और उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया।
ऐमिटी यूनिवर्सिटी में लड़की बीकॉम थर्ड ईयर की स्टूडेंट थी। शनिवार रात साढ़े 9 बजे वह अपने दोस्तों के साथ होटल पहुंची थी। छात्रा कार में मौजूद थी और उसके दोस्त खाना लेने होटल के अंदर गए थे लेकिन इसी बीच आरोपी शख्स कार में घुस गया और अचानक कार एक्सप्रेसवे से सर्विस रोड पर ले गया और यहां उसने लड़की के साथ मारपीट भी की। जिससे वह बुरी तरह सहम गई।
लड़की के दोस्तों ने इस बारे में पुलिस में शिकायत की और पुलिस ने एक्सप्रेसवे के पास चेकिंग शुरु कर दी। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों को भी छात्रा की तलाश में भेजा गया। आखिरकार पुलिस छात्रा और आरोपी शख्स को ढूंढने में कामयाब रही। आरोपी का नाम आशु बताया जा रहा है जो मूलत: बागपत का रहने वाला है। उसने पुलिस को देखकर भागने की नाकाम कोशिश की। पुलिस ने अपहरण की धारा के तहत मामला दर्ज करके जेल भेज दिया गया है